असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को एक वीडियो शेयर किया है। इसमें अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) में अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री माइक फिंके बिहू डांस कर रहे हैं। बिहू असम का पारंपरिक लोक नृत्य है।
सीएम हिमंत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने बिहू पर विशेष ध्यान दिया है, जिससे यह अब दुनिया भर में पहचान बना रहा है।
यह भी पढ़ें: असम की रोंगाली बिहू पर्व क्या है और कैसे मनाया जाता है? हर सवाल का जवाब
मोदी को दिया धन्यवाद
उन्होंने एक्स पर लिखा, 'अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में बिहू। असम की संस्कृति के लिए यह खास इशारा करने के लिए अंतरिक्ष यात्री माइक फिंके को धन्यवाद। बिहू को वैश्विक पहचान मिल रही है, खासकर आदरणीय श्री @narendramodi जी द्वारा #BihuBinandia के दौरान दिए गए विशेष फोकस के बाद।'
क्या था बिहू बिनंदिया कार्यक्रम?
अप्रैल 2023 में गुवाहाटी में ‘बिहू बिनंदिया’ नाम का बड़ा सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ था। इसमें करीब 10,000 कलाकारों ने हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम को देखने आए थे।
पुराना है वीडियो
असम ट्रिब्यून के अनुसार, यह वीडियो नया नहीं है। यह पहले भी ऑनलाइन आ चुका था। अभी असम में रोंगाली बिहू (असमिया नया साल) मनाया जा रहा है, इसलिए यह वीडियो फिर से वायरल हो रहा है।
वीडियो में माइक फिंके पारंपरिक बिहू संगीत पर नाचते दिख रहे हैं। उनकी गर्दन में गमछा (असम का पारंपरिक हाथ से बुना स्कार्फ) पहना हुआ है।
यह भी पढ़ें: 'बिहू नास' पर ऐसा क्या हुआ कि संस्कृति मंत्रालय को माफी मांगनी पड़ गई?
कौन हैं माइक फिंके?
माइक फिंके (Edward Michael 'Mike' Fincke) अमेरिकी वायुसेना के रिटायर्ड कर्नल हैं। उन्हें 1996 में नासा ने अंतरिक्ष यात्री बनाया था। वे पेंसिल्वेनिया के रहने वाले हैं।
उनकी पत्नी रेनिता सैकिया असम की मूल निवासी हैं और नासा में काम करती हैं। उनके तीन बच्चे हैं। माइक फिंके 1 अगस्त 2025 को स्पेसएक्स क्रू-11 मिशन के पायलट के रूप में चौथी बार आईएसएस गए थे। मिशन सफल रहा और 15 जनवरी को स्प्लैशडाउन के साथ वापसी हुई।