उत्तराखंड की सियासत में मंत्री रेखा आर्या के फफक-फफक के रोते हुए ऑडियो ने भूचाल ला दिया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद रेखा आर्या के पति गिरधारीलाल साहू ने भी अपना वीडियो जारी किया। इसमें वह मंत्री रेखा आर्या पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हैं। यह भी कहा कि मंत्री ने जो ऑडियो पेश किया है, वह एआई से बनाया गया है।
गिरधारीलाल साहू ने मंत्री की शिकायत को फर्जी बताया और उसे वापस लेने का दबाव बनाया। अपने वीडियो गिरधारीलाल चुन-चुनकर हिसाब लेने की बात भी करते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि मंत्री के पास 5 रुपये नहीं थे। आज 210 करोड़ रुपये की संपत्ति कैसे आई?
यह भी पढ़ें: 'आतंकी पैदा करना चाहती है कांग्रेस', विपक्ष पर जमकर भड़के राजनाथ सिंह
बता दें कि उत्तराखंड सरकार में मंत्री रेखा आर्य ने सोशल मीडिया पर रोते हुए अपना एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने मानसिक प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था।
एफआईआर में मंत्री रेखा आर्या ने क्या कहा?
रेखा आर्या अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर विधानसभा से विधायक और सरकार में बाल विकास और महिला सशक्तीकरण मंत्री हैं। मंत्री ने अपने पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें उन्होंने अपने पति पर कई महिलाओं के साथ संबंध और धोखे से विवाह करने का आरोप लगाया। उनका आरोप है कि गिरधारीलाल साहू ने अपनी पहली शादी की बात छिपाकर विवाह किया। जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। शारीरिक और मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया।
'रोड पर खड़ी महिला को मैंने कहां पहुंचाया दिया'
मंत्री रेखा आर्या के आरोपों के जवाब में गिरधारीलाल साहू ने अपना एक वीडियो जारी किया। इसमें कहा, 'माननीय मंत्री जी मैं आपसे एक निवदेन करना चाहूंगा कि जिस ऑडियो को अपने डाला है। उसे एआई से बनाया गया है। घर तोड़ने के लिए बनाया गया है। आप केवल घमंड में चूर हैं। आपके दिमाग में एक चीज भरी है कि जीवन भर मंत्री या नेता रहूंगी। ऐसा नहीं है। जीवन में चढ़ाव-उतार आते हैं। हो सकता है कि आज तुम ताकत में हो। तुम वो दिन भूल गईं कि मैंने एक रोड पर खड़ी महिला को कहां से कहां तक पहुंचा दिया। यह पूरे उत्तराखंड को मालूम है।'
'एक-एक चीज का हिसाब लेंगे'
गिरधारीलाल साहू आगे कहते हैं, 'आज मेरे ऊपर आक्रमण कर रही हो। मैं आज बहुत ईमानदारी से कह रहा हूं यदि आपने यह फर्जी तहरीर और बयान वापस नहीं लिया तो भोले बाबा बनखंडी नाथ बाबा तुमसे चुन-चुनकर एक-एक चीज का हिसाब लेंगे। इसलिए मेरी प्रार्थना है कि गंभीरता से इस चीज को सोचो कि तुमने सारे फर्जी आरोप जो लगाए हैं, वो निराधार हैं।'
मैंने हमेशा भ्रष्टाचार करने से रोका: गिरधारीलाल
गिरधारीलाल ने यह भी कहा, 'तुम (मंत्री) गोलू बाबा की कसम खाओ कि साहूजी ने मुझे उत्पीड़ित किया। साहूजी ने गाली दी। साहू जी ने कभी भ्रष्टाचार के पैसे लिए हो। साहूजी ने हमेशा कहा होगा कि भ्रष्टाचार मत करो। बच्चों का राशन मत काटो। और भी तो मंत्री हैं। किसी और का नाम भ्रष्टाचार में नहीं है। तुम्हारा नाम पूरे देश में भ्रष्टाचार में है।'
गिरधारीलाल ने मंत्री रेखा आर्या पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और कहा, 'तुमने भ्रष्टाचार की चरम सीमा पार कर दी। मैं निवेदन करूंगा कि तुम सही दिमाग का इस्तेमाल करके सही फैसला लो। अभी सब चीजें ईश्वर ठीक कर सकता है। आपने मुझ पर जो आरोप लगाए हैं। यह आरोप कोई भी पत्नी अपने पति पर नहीं लगाएगी। यह पूरी विधानसभा को मालूम है कि साहूजी ने तुम्हें कहां से कहां पहुंचा दिया।'
आरोप- आज 210 करोड़ रुपये की संपत्ति कहां से है
उनका यह भी दावा है कि उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से मंत्री के भ्रष्टाचार की शिकायत की थी। सीएम ने डांट भी लगाई थी। आगे कहा, 'किसी भी एजेंसी से जांच करवा लो। जिस महिला के पास 5 रुपये न हो। आज 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति इनके पास है। जिसको मैं बताने का काम करूंगा।'
मंत्री रेखा आर्या ने अपने वीडियो में क्या कहा था?
मंत्री रेखा आर्या ने रोते हुए अपना एक वीडियो जारी किया था। इसमें वह कहती हैं, 'आज मैं आपके सम्मुख एक ऑडियो को लेकर आई हूं। इस ऑडियो ने मुझे झकझोर दिया है। मेरे रिश्ते पर प्रश्न लगा दिया है। मेरे वैवाहिक जीवन के समर्पण पर प्रश्न लगा दिया है। क्या सच्चाई और ईमानदारी के साथ रहने के बदले ऐसा परिणाम मिलता है क्या?'
यह भी पढ़ें: 'जहां आपकी सरकार वहीं सबसे ज्यादा नशे', अमित शाह के पोस्ट पर केजरीवाल का जवाब
आगे कहती हैं कि इस ऑडियो को सुनकर आज मुझे ह्रदयघात की पीड़ा के साथ यह निर्णय लेना पड़ा और मुझे पुलिस को तहरीर देने पड़ी... अपने बच्चों की रक्षा और सुरक्षा के लिए। यह वीडियो मैं इसलिए बना रही हूं... घरेलू अत्याचार, मानसिक अत्याचार न सहना बल्कि कहना है।
मंत्री ने कहा, 'जब आप ऑडियो सुनेंगे तो खुद-ब-खुद सारे प्रश्नों का उत्तर मिलेगा। ईश्वर की कसम और संविधान को साक्षी मानते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वाहन करती आई हूं और करती रहूंगी। मुझे अपने इस देवभूमि में यहां तक पहुंचाया है। मेरे मायके ने हमेशा साथ दिया है और मुझे पूरा भरोसा है कि इस क्षण में भी हमारे साथ होंगे। मैं इस पीड़ा में हूं, लेकिन अपने कर्तव्य को नहीं भूली हूं। महिला होने और अपने बच्चों की सुरक्षा करने के नाते... यह करना पड़ा। आगे कुछ भी कहने के लिए मैं निशब्द हूं।'