दिल्ली-एनसीआर के ग्रेटर नोएडा में चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पंजाब नेशनल बैंक के खाताधारकों की फिक्स्ड डिपॉजिट गायब हो गई। इस मामले में 16 लोगों ने आरोप लगाया है कि बैंक कर्मचारियों ने उनकी मर्जी के बगैर खाते से रुपये ट्रांसफर किए। जिस वजह से लोगों के लाखों रुपये बैंक खातों से गायब हो गए। यह मामला तब सामने आया, जब एक शख्स अपने पिता के खाते से 50 हजार रुपये निकालने बैंक गया, तो बैंक कर्मचारियों ने उसे बताया कि उसके पिता के खाते में सिर्फ 16 हजार रुपये हैं, जबकि शख्स के हिसाब से उसके पिता के खाते में करीब 94 लाख रुपये थे। ऐसा कुछ लोगों के साथ भी हुआ है, जिन्होंने बैंक कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
यह घटना ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित पंजाब नेशनल बैंक के खाताधारकों के साथ हुई है, जहां लगभग 16 लोगों की फिक्स्ड डिपॉजिट के रुपये कथित तौर पर ट्रांसफर किए गए हैं। यह मामला सामने आते ही बैंक ब्रांच मैनेजर समेत 5 कर्मचारियों को नौकरी से सस्पेंड कर दिया गया है। इस मामले को लेकर पुलिस के साथ ही बैंक की एंटी करप्शन टीम भी जांच-पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ें: लगातार 6 महीने गांव में रहने वाले ही UP के पंचायत चुनाव में दे सकेंगे वोट?
क्या है पूरा मामला?
इस मामले को लेकर गौतम ने बताया कि वे अपने पिता के खाते से 50 हजार रुपये निकालने के लिए पंजाब नेशनल बैंक गए थे। बैंक की ब्रांच में जाकर रुपये निकालने के लिए फॉर्म भरा, तब बैंक कर्मचारियों ने बताया कि उनके पिता के खाते में सिर्फ 16 हजार रुपये हैं। जबकि गौतम के पिता के मुताबिक, खाते में 94 लाख रुपये थे।
गौतम के अलावा दूसरे शख्स ने बताया कि उनकी मां के खाते में 1 करोड़ 29 लाख रुपये थे, जिसमें से 10 से 12 लाख रुपये निकाले गए थे। इसके बाद खाते में लगभग 1 करोड़ 18 लाख रुपये होने चाहिए थे। जब वह रुपये निकालने बैंक गए, तो उन्हें पता चला कि खाते में रुपये नहीं हैं। इस मामले का खुलासा होने के बाद पंजाब नेशनल बैंक ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि उनके रुपये जल्द ही मिल जाएंगे।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में ऐप से ऑनलाइन बुक हो जाएगी शराब, होम डिलीवरी होगी या नहीं?
नोएडा पुलिस की जांच जारी
इस घटना को लेकर नोएडा पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है। पुलिस को खातों से जुड़ी गड़बड़ियों को लेकर 16 लोगों की शिकायतें मिली हैं। पुलिस जांच कर रही है कि लोगों के खातों से रुपये किसने ट्रांसफर किए।