दिल्ली में स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (DSIIDC) ने एक मोबाइल ऐप लॉन्च की है, जिसके जरिए दिल्ली के लोग शराब की एडवांस बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग के समय ही शराब के रुपये देने होंगे। इसके बाद शराब की दुकान पर जाकर शराब ले सकते हैं। इस मोबाइल ऐप के जरिए केवल शराब की बुकिंग कर सकते हैं। होम डिलीवरी की कोई सुविधा नहीं है। ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा की वजह से लोग शराब की दुकानों के आसपास लगने वाली भीड़ से बच पाएंगे।
शराब बुक करने वाली मोबाइल ऐप का नाम 'दिल्ली लिकर बुकिंग' है। ऐप पर हर व्यक्ति अपने मनपसंद ब्रांड की शराब बुक कर सकता है। इसके साथ ही व्यक्ति अपने घर के आसपास की शराब की दुकान चुन सकता है, जहां से वह शराब की बोतल लेकर आएगा। जानकारी के लिए बता दें कि ऑनलाइन बुकिंग के जरिए 208 दुकानों से शराब खरीदी जा सकती है।
यह भी पढ़ें: 2020 से पहले की गाड़ियां दिल्ली में नहीं घुस पाएंगी, समझ लीजिए नए नियम
कैसे होगी शराब की बुकिंग?
बुकिंग ऐप पर जाकर कोई भी व्यक्ति शराब बुक कर सकता है। शराब का ब्रांड और साइज ग्राहक खुद चुन सकता है। इसके बाद ग्राहक को उसी समय शराब के रुपये देने होंगे, जिसके बाद व्यक्ति को एक क्यूआर कोड मिलेगा। इसे शराब की दुकान पर जाकर स्कैन करना होगा। इसके बाद ही शराब की बोतल ग्राहक को मिल पाएगी।
दिल्ली में 4 सरकारी निगम हैं, जिनकी 700 से ज्यादा दुकानों में शराब मिलती है। ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया के तहत 208 शराब की दुकानों से ऑनलाइन बुकिंग करके शराब मिल सकेगी। इस ऐप को लेकर अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल शराब की ऑनलाइन बुकिंग भारी मात्रा में नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: पंजाब के अमृतसर में सरेआम मारी गोली, एक युवक की मौत
ऑनलाइन शराब बुकिंग की शर्तें
1. ऐप के जरिए शराब खरीदने वाले ग्राहक की उम्र कम से कम 25 साल होनी चाहिए। 25 साल से कम उम्र के लोग ऑनलाइन शराब की बुकिंग नहीं करा सकते हैं।
2. शराब की बुकिंग के बाद 48 घंटे के भीतर ग्राहक को शराब की दुकान पर जाकर बोतल लेनी होगी।
3. एक ग्राहक एक बार में 18 लीटर बीयर और 9 लीटर व्हिस्की से ज्यादा नहीं खरीद सकते है।
4. शराब की बुकिंग के बाद ऑर्डर कैंसिल कर सकते हैं, हालांकि शराब दुकान से ले जाने के बाद उसे वापस नहीं किया जा सकता है।