उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के नगला मानसिंह इलाके में तीन बच्चों की मां की आत्महत्या का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पति की मौत के बाद वर्षों से संघर्ष कर परिवार का सहारा बनी महिला ने हाल ही में दूसरी शादी कर नई जिंदगी शुरू करने का फैसला लिया था लेकिन शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हालात बदल गए। परिवारों के बीच विवाद बढ़ा, सामाजिक दबाव बढ़ा और लगातार तनाव के बीच महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, 36 वर्षीय राजकुमारी के पति की करीब 15 वर्ष पहले मौत हो गई थी। पति के जाने के बाद तीन बच्चों की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई। परिवार का खर्च चलाने और बच्चों की परवरिश के लिए वह एक कारखाने में मजदूरी करती थीं। काम के दौरान राजकुमारी की पहचान कारखाना संचालक टिंकू से हुई। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और करीब डेढ़ महीने पहले दोनों ने परिवार से छिपकर शादी कर ली। बताया जा रहा है कि दोनों अपनी नई जिंदगी को लेकर खुश थे लेकिन यह रिश्ता ज्यादा दिनों तक छिपा नहीं रह सका।
यह भी पढ़ें: लखनऊ अग्निकांड: फॉल्स सीलिंग और बिजली के तार बने हादसे की वजह
तस्वीरें वायरल होते ही मच गया बवाल
कुछ दिन पहले दोनों की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि शादी को लेकर लगातार विरोध हो रहा था और मामला तनाव का कारण बन गया था। मृतका के भाई गौरव का आरोप है कि शादी की जानकारी सामने आने के बाद राजकुमारी को लगातार तानों और मानसिक दबाव का सामना करना पड़ रहा था। वह लंबे समय से तनाव में थीं और इसी दबाव ने उन्हें यह कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।
महिला का शव घर में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद इलाके में शोक और चर्चा का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अब तक किसी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: UP में बढ़े मुस्लिम मतदाता, नए वोटरों में 35% हिस्सेदारी, परेशानी किसे है?
कई सवाल छोड़ गई यह मौत
पति की मौत के बाद संघर्ष कर बच्चों को पालने वाली महिला ने दूसरी शादी कर जिंदगी को नया सहारा देने की कोशिश की थी लेकिन शादी की तस्वीरें वायरल होने के बाद शुरू हुआ विवाद आखिरकार एक दर्दनाक अंत पर पहुंच गया। अब यह मामला सामाजिक दबाव, पारिवारिक तनाव और व्यक्तिगत स्वतंत्रता को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है।