महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से एक बेहद भावुक कर देने वाली कहानी सामने आई है। मुंबई की भागदौड़ भरी जिंदही में अक्सर लोगों का ध्यान फुटपाथ पर भीख मांग रहे लोगों पर जाता है लेकिन यहां फुटपाथ पर भीख मांगते मिले एक युवक की पहचान बाद में नांदेड़ के लापता मेडिकल छात्र के रूप में हुई। इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया है। करीब छह महीने से गायब छात्र को आखिरकार पुलिस ने खोज निकाला और उसे उसके परिवार से मिलवा दिया। यह मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी काफी चर्चा हो रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक युवक महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले का रहने वाला है और मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था। परिवार के अनुसार, वह पिछले साल अचानक घर से लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी और लगातार उसकी तलाश की जा रही थी।
यह भी पढ़ें: अजय राय और उनके 30 समर्थकों पर FIR, पीएम मोदी के खिलाफ की थी आपत्तिजनक टिप्पणी
फुटपाथ पर मांगता था भीख
मलाड पुलिस भिखारियों को हटाकर उनके पुनर्वास के लिए अभियान चला रही थी। इसी अभियान के दौरान एक सड़क किनारे फुटपाथ पर करीब 22 साल का एक युवक बैठा दिखाई दिया। पुलिस ने बताया कि वह काफी ज्यादा डरा हुआ लग रहा था। उसकी हालत देखकर पुलिस उसे थाने ले आई।
ट्रेन में बैग चोरी
कॉन्स्टेबल कोमलसिंह जाधव उस युवक को पुलिस स्टेशन लेकर आए। इसके बाद युवक को सहज करने के लिए उसे पानी दिया गया। उसे नहलाया गया और खाना खिलाकर शांत किया गया। इसके बाद उससे पूछताछ की गई। युवक ने बताया कि उसका नाम अभय है और वह नांदेड़ का रहने वाला है। इस साल की शुरुआत में वह ट्रेन में सफर कर रहा था और उसका बैग चोरी हो गया था। बिना पैसों के वह खो गया और मुंबई पहुंच गया। उसे अपने परिवार का फोन नंबर भी याद नहीं रहा क्योंकि वह मानसिक रूप से ठीक नहीं था। उसने अपने गुजारे के लिए भीख मांगना शुरू कर दिया।
परिवार से कैसे मिला?
पुलिस ने युवक से पूछताछ के बाद दस्तावेजों और परिवार से संपर्क के जरिए पुष्टि हुई कि वह नांदेड़ का लापता मेडिकल छात्र ही है। इसके बाद छात्र से पूछताछ की गई तो उसके घर के बारे में भी बताया। इसके बाद मुंबई पुलिस ने तामसा पुलिस स्टेशन में संपर्क किया और लड़के के परिवार को जानकारी दी। तामसा पुलिस ने बताया कि इस तरह के एक लड़के के लापता होने की शिकायत थाने में लिखवाई गई है। इसके बाद उसके परिवार को इस बारे में सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें: पहाड़ी से जा टकराया सेना का 'चीता हेलीकॉप्टर', बाल-बाल बचे अधिकारी और पायलट
मानसिक रूप से परेशान था
परिवार को जब उसके मिलने की सूचना मिली तो वे तुरंत मुंबई पहुंचे। पुलिस स्टेशन में परिवार और छात्र का मिलन बेहद भावुक रहा। कई महीनों बाद बेटे को देखकर परिवार की आंखों में आंसू आ गए। पिता ने जैसे ही अपने बेटे अभय को देखा तो वो खुद को रोक नहीं पाए और उसे गले लगाकर फूट-फूटकर रो पड़े।