महाराष्ट्र के मुंबई और पालघर जिलों में बारिश के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। कुछ दिन पहले तक भीषण गर्मी से परेशान लोगों की समस्या मॉनसून की एंट्री के साथ ही बढ़ गई है। बारिश के कारण शहर की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। मुंबई के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखते को मिल रही है और कई जगहों पर तो सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां पानी में बहती हुई नजर आई हैं। आज सुबह से ही बारिश और बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। अंधेरी, किंग्स सर्कल और गांधी मार्केट की सड़कों पर पानी भर गया है। अगले कुछ दिनों तक लगातार बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
मुंबई में जलभराव के कारण लोकल ट्रेन सेवाएं भी बाधित हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, सांताक्रूज, अंधेर, खार, बांद्रा, पवई और कुर्ला में सबसे ज्यादा बारिश का असर देखने को मिल रहा है। इन इलाकों में 50 से 60 मिलीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बारिश हुई है।
यह भी पढ़ें: 4 फोटो में 'फिट' हो रही गाड़ियां, UP के 48 जिलों में ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर नहीं
24 घंटे से बारिश का कहर
मुंबई में पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। कई इलाकों में तो 200 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। मुंबई के एप साउथ वार्ड ऑफिस में तो सबसे ज्यादा 222.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा भी कई इलाकों में 200 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 जुलाई की सुबह 8 बजे से 2 जुलाई की सुबह 7 बजे के बीच पूर्वी उपनगरों में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है।
भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने मुंबई में अगले 24 घंटों में और उसके उपनगरों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने आज के लिए पड़ोसी जिले पालघर में और गुरुवार और शुक्रवार दोनों दिन के लिए रायगढ़ में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मुंबई में भी अगले तीन घंटों तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जरूरी काम हो तभी घर से बाहर निकलें, वरना सावधानी बरतते हुए सुरक्षित रहें।
यह भी पढ़ें: एम्पायर स्टेट बिल्डिंग पर चढ़कर कपल ने किया प्रपोज, फिर पुलिस ने किया गिरफ्तार
स्कूल बंद अलर्ट जारी
मौसम की मार को देखते हुए पालघर और रायगढ़ जिला प्रशासन ने आज सभी स्कूल बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। महाराष्ट्र में अगले चार दिनों तक भारी बारिश के आसार हैं ऐसे में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में और तेज बारिश का अनुमान जताया है, जिससे शहर के निचले इलाकों में हालात और बिगड़ सकते हैं। प्रशासन अलर्ट मोड में बना हुआ है। लोगों से बेवजह घर से ना निकलने की अपील की गई है।