बिहार के मुंगेर जिले में बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा का मालमा सामने आया है। इस परीक्षा के लिए डमी कैंडिडेट, फर्जी दस्तावेजों और संगठित धोखाधड़ी के मामले की जानकारी पुलिस को मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंगेर जिले से 15 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पटना पुलिस की विशेष टीम ने मुंगेर पुलिस के सहयोग से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर इन सभी को दबोचा। गिरफ्तार आरोपितों को पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए पटना ले जाया गया है। पुलिस का मानना है कि यह कार्रवाई भर्ती परीक्षा में धांधली करने वाले संगठित नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता है।
पूरे मामले की जांच सचिवालय थाना कांड संख्या 160/25 और गर्दनीबाग थाना कांड संख्या 76/25 के तहत की जा रही है। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे कई संकेत मिले थे कि भर्ती परीक्षा में कुछ अभ्यर्थियों की जगह दूसरे व्यक्तियों ने परीक्षा दी थी। इसके अलावा पहचान और शैक्षणिक दस्तावेजों में भी गड़बड़ी के सबूत सामने आए थे। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, पुलिस को मुंगेर जिले से जुड़े कई संदिग्धों की जानकारी मिली। इसके बाद पटना पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर गिरफ्तारियां कीं।
यह भी पढ़ें: 12 साल पूरे होने पर बधाई, लेकिन सवालों से दूरी क्यों; RJD विधायका का PM पर तंज
मुंगेर के अलग-अलग इलाकों में एक साथ हुई कार्रवाई
पुलिस ने बरियारपुर, शामपुर, सफियासराय, कासिम बाजार, संग्रामपुर, हरपुर और तारापुर थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में राजा बाबू, रौशन कुमार, सत्यम कुमार, गोपाल कुमार, छोटू कुमार, वरुण कुमार, रंजन कुमार, सुधीर कुमार, सन्नू कुमार, बलराम कुमार, मिथुन कुमार, राहुल कुमार, सुभाष पासवान और रामजीवन कुमार तांती सहित कुल 15 लोग शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि ये सभी किसी न किसी स्तर पर भर्ती परीक्षा में हुए कथित फर्जीवाड़े से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि प्रत्येक की भूमिका की अलग-अलग जांच की जा रही है।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह मामला केवल कुछ अभ्यर्थियों तक सीमित नहीं है बल्कि इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क काम कर रहा था। इस नेटवर्क में फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले, अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने वाले सॉल्वर और बिचौलियों की भूमिका भी हो सकती है। यही वजह है कि पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें: टूटने वाला था रिश्ता, ससुर का इलाज करवाया और बीवी ने फाड़ दिए तलाक के पेपर
एसपी बोले- जांच जारी और खुलासे संभव
मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि पटना में दर्ज दोनों मामलों के फरार अभियुक्तों की तलाश में पटना पुलिस की टीम मुंगेर पहुंची थी। स्थानीय पुलिस की मदद से 15 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षा में हुई कथित धांधली के पूरे तंत्र की गहन जांच की जा रही है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा कितने अभ्यर्थियों को अवैध तरीके से लाभ पहुंचाने की कोशिश की गई।