पंजाब में मंगलवार (26 मई) को आठ नगर निगमों सहित 103 नगर निकायों के चुनाव होंगे। चुनाव से पहले जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि वोटों की गितनी 29 मई को होगी। पंजाब में नगर निकायों के 1,896 वार्डों में मतपत्रों के जरिए वोटिंग होगी, सुबह आठ बजे शुरू होकर शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।
अधिकारियों ने बताया कि मोहाली, बठिंडा, अबोहर, बरनाला, कपूरथला, मोगा, बटाला और पठानकोट- इन आठ नगर निगमों में चुनाव होंगे। इसके अलावा, 75 नगर परिषदों और 20 नगर पंचायतों के लिए भी मतदान होगा। राज्य में 26 मई को होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों में कुल 7,555 उम्मीदवार मैदान में हैं।
यह भी पढ़ें: अभिषेक बनर्जी के घर क्यों पहुंच गई कोलकाता पुलिस? बढ़ेंगी मुश्किलें
'आप' ने उतारे सबसे ज्यादा उम्मीदवार
सत्तारूढ़ दल आम आदमी पार्टी ने सबसे ज्यादा 1,801 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। वहीं, कांग्रेस के 1,550, बीजेपी के 1,316, शिरोमणि अकाली दल के 1,251 और बहुजन समाज पार्टी के 96 उम्मीदवार हैं। इसके अलावा, स्थानीय निकाय चुनावों के लिए 1,528 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं।
इन नगर निकायों में 35,45,567 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 17,11,635 महिलाएं शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, 740 बूथ को संवेदनशील और 275 को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। लगभग 35,000 चुनाव कर्मियों और 32,000 पुलिस कर्मियों को चुनावी ड्यूटी पर लगाया गया है।
सरकार ने घोषित की छुट्टी
अधिकारियों ने बताया कि सुचारू, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। चुनावी प्रक्रिया के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मतदान केंद्रों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। पंजाब सरकार ने मतदाताओं को मतदान में सुविधा प्रदान करने के लिए 26 मई को राज्य में छुट्टी घोषित की है। यह छुट्टी चंडीगढ़ स्थित पंजाब के सभी सरकारी कार्यालयों, बोर्ड, निगमों और शैक्षणिक संस्थानों पर भी लागू होगा।
सभी प्रमुख दलों के लिए जीतना जरूरी
सभी प्रमुख राजनीतिक दलों- आम आदमी पार्टी, बीजेपी, कांग्रेस और शिअद के लिए स्थानीय निकाय चुनाव बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं, क्योंकि ये चुनाव 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले हो रहे हैं। ये सभी प्रमुख दल अपने-अपने चुनाव चिह्नों पर चुनाव लड़ रहे हैं। रविवार को चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। पंजाब के मंत्रियों अमन अरोड़ा, लाल चंद कटारुचक ने आप के लिए चुनाव प्रचार किया।
यह भी पढ़ें: पहले किया इनकार, स्वर्ण कांता हटीं, कार्यवाही में शामिल होने को तैयार केजरीवाल
वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, आप सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर, शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने अपनी-अपनी पार्टियों के उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया।
चुनाव आयोग को लगा झटका
इस बीच, उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को पंजाब राज्य निर्वाचन आयोग के उस फैसले को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी, जिसके तहत नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव मतपत्रों के जरिये कराने का निर्णय लिया गया है। कोर्ट ने याचिकाकर्ता रुचिता गर्ग से कोर्ट का दरवाजा देर से खटखटाने को लेकर सवाल किया और कहा कि अब चुनाव प्रक्रिया में व्यवधान नहीं डाला जा सकता।