logo

मूड

ट्रेंडिंग:

गाड़ी की चेकिंग के दौरान हो गया एनकाउंटर, गोलीबारी में पकड़ा गया वॉन्टेड अपराधी

गाड़ियों की चेकिंग के दौरान हुए एनकाउंटर के बाद पुलिस ने एक वॉन्टेड अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। गोलीबारी के चलते उसके पैर में गोली लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

ai generated image of a man being arrested

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit: ChatGPT

शेयर करें

google_follow_us

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बुधवार रात को एक जबरदस्त एनकाउंटर हुआ। इस एनकाउंटर में एक कुख्यात अपराधी के पैर में गोली लगी है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इसी बीच अंधेरे का फायदा उठाकर एक अन्य शख्स फरार हो गया। जिस आरोपी को गिरफ्तार किया गया है वह हत्या समेत कई मामलों में वॉन्टेड चल रहा था। अब उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया है कि उसके पास एक देसी पिस्टल और गोलियां बरामद हुई हैं।

 

मुजफ्फरपुर के मुशहरी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी घायल हो गया जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुए अपराधी की पहचान वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र निवासी अमित सिंह के रूप में हुई है, जो हत्या समेत कई गंभीर मामलों में वांछित बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे भटोलीया बांध के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखते ही दोनों तेज रफ्तार से भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू किया।

 

यह भी पढ़ें: जमीन पर कब्जा दिलाने आए थे अफसर, बुजुर्ग ने लगाई आग, फिर भीड़ ने कमिश्नर को पीटा

 

भागने के दौरान अपराधियों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। इसके बाद दोनों बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से कुछ देर के लिए इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने पहले आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन अपराधियों ने फायरिंग जारी रखी। इस दौरान पुलिस वाहन भी गोली लगने से क्षतिग्रस्त हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में अमित सिंह के पैर में गोली लगी, जिससे वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तत्काल कब्जे में लेकर इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

हत्याकांड का वॉन्टेड, कई संगीन मामलों में दर्ज है नाम

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अपराधी अमित सिंह मुशहरी थाना कांड संख्या 206/26 के गोली मारकर हत्या मामले में वांछित था। इसके अलावा उसके खिलाफ महुआ थाना में रंगदारी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उस पर कुल चार आपराधिक मुकदमे लंबित हैं।

 

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से पुलिस ने एक देसी पिस्तौल, पांच खोखा, अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा एक चप्पल बरामद की है। वहीं एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि मामले की जांच को और मजबूत किया जा सके।

 

यह भी पढ़ें: किसकी जमीन बचाने के लिए बदला रूट? पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे पर उठे सवाल

फरार साथी की तलाश में छापेमारी तेज

घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। पुलिस फरार अपराधी और उसके संभावित सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मुशहरी में हुई यह मुठभेड़ एक बार फिर साबित करती है कि अपराधी पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। हालांकि पुलिस की त्वरित और संयमित कार्रवाई से न केवल एक वांछित अपराधी गिरफ्त में आया, बल्कि किसी बड़ी अप्रिय घटना को भी टाल दिया गया।

 

इस घटना के बाद एसएसपी ने कहा कि पुलिस टीम पर फायरिंग की घटना बेहद गंभीर है और घायल अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।


और पढ़ें