नागालैंड में शराबबंदी होने के बावजूद जहरीली शराब पीने से कम से कम 19 लोगों ने जान गंवा दी है। राज्य के मोकोकचुंग और तुएनसांग जिलों में पिछले 2 दिनों में कथित तौर पर मिलावटी शराब पीने से 19 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक मोकोकचुंग जिले में 8 और तुएनसांग जिले में 11 लोगों की मौत अवैध शराब पीने से हुई है। पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है और नकली शराब बनाने वाले गैंग के लोगों को तलाशने में जुटी है।
यह भी पढ़ें: ऑस्कर में खुद से पहुंची नागालैंड की 'आंग', क्यों चर्चा में है फिल्म?
नगालैंड में 1990 से लागू है शराबबंदी कानून
नागालैंड में 1990 से शराबबंदी कानून लागू है, इसके बावजूद यह घटना सामने आई है। मौत की असली वजह पता लगाने के लिए सैंपल फॉरेंसिक जांच के लिए गुवाहाटी भेजे गए हैं।
SIT करेगी केस की छानबीन
सीनियर पुलिस अधीक्षक वेसुप्रा केजो ने बताया कि इन मौतों की जांच और मिलावटी शराब के सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) बनाया गया है। इस टीम का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आई बुंगलांग चांग कर रहे हैं।
वेसुप्रा केजो ने कहा कि पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं, लेकिन अभी इस बारे में विस्तार से बताना जल्दबाजी होगी। जांच अभी शुरुआती चरण में है और पुलिस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें: गोरखपुर: गंदे तरीके से छुआ, कपड़े उतारे..., नागालैंड की AIIMS डॉक्टर से छेड़छाड़
अब तक 19 गिरफ्तार, हजारों बोतल शराब जब्त
मौतों की खबर सामने आने के बाद पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 19 लोगों को गिरफ्तार किया और लगभग 3000 बोतल शराब जब्त की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह अवैध शराब कहां से और कैसे सप्लाई हो रही थी।
पुलिस ने क्या एडवाइजरी जारी की है?
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात, बिना लेबल वाली या संदिग्ध अवैध शराब का सेवन न करें। साथ ही पुलिस ने कहा कि अगर शराब पीने के बाद किसी को चक्कर आना, धुंधला दिखना, सांस लेने में तकलीफ या बेहोशी जैसे लक्षण महसूस हों, तो तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज कराएं।