logo

मूड

ट्रेंडिंग:

पहली पत्नी पर सौतन ने की 9 राउंड फायरिंग, MP के राजपरिवार में मचा बवाल

मध्य प्रदेश के सतना जिले के चर्चित नागौद राजपरिवार का पारिवारिक विवाद गुरुवार को फायरिंग तक पहुंच गया। परसमनिया गढ़ी में हुई गोलीबारी में राजपरिवार की बहू योगिता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

Nagod Royal Family Dispute

सौतन की 9 राउंड फायरिंग में पहली पत्नी जख्मी, Photo Credit: Sociual Media

मध्य प्रदेश के सतना जिले के चर्चित नागौद राजपरिवार का पारिवारिक विवाद अब फायरिंग तक पहुंच गया है। गुरुवार को परसमनिया गढ़ी में हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। इस घटना में राजपरिवार की बहू योगिता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें पहले सतना और बाद में बेहतर इलाज के लिए रीवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका ऑपरेशन किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।

 

जानकारी के अनुसार, योगिता सिंह नागौद विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे और राजपरिवार के सदस्य रुपेंद्र कुमार सिंह उर्फ बाबा राजा की पहली पत्नी हैं। बताया जा रहा है कि वह दो दिन पहले अपने बेटे, भाइयों और अन्य रिश्तेदारों के साथ परसमनिया गढ़ी पहुंची थीं। परिवार में लंबे समय से चल रहे विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश की जा रही थी लेकिन यह बैठक हिंसक झड़प में बदल गई।

 

यह भी पढ़ें: दूसरों से दिलवाई जा रही थी बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा, मुंगेर से 15 गिरफ्तार

बातचीत के दौरान चली गोली

पीड़ित पक्ष की शिकायत के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद रुपेंद्र कुमार सिंह के साथ रह रही सुनीता सिंह परिहार ने लाइसेंसी .22 बोर की बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी। आरोप है कि कई राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली योगिता सिंह के पेट में जा लगी। गोली लगते ही गढ़ी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

 

घायल महिला की मां नरेंद्र कुमारी ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि सुनीता सिंह परिहार ने नौ राउंड फायर किए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके दामाद रुपेंद्र कुमार सिंह उर्फ बाबा राजा फायरिंग के दौरान सुनीता को उकसा रहे थे। उनका कहना है कि परिवार केवल बातचीत करने गया था लेकिन विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया।

 

यह भी पढ़ें: बगावत, इस्तीफे और मर्जर की चर्चा; 48 घंटों में TMC में आया सियासी भूचाल

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल भेजा। पुलिस ने सुनीता सिंह परिहार को हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। योगिता सिंह की शिकायत पर हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग के पीछे की वजह, घटनास्थल पर मौजूद लोगों की भूमिका और हथियार के इस्तेमाल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।


और पढ़ें