महाराष्ट्र के नागपुर के यशोधरा नगर इलाके में एक साल पुराने झगड़े के चलते एक पुराने किराएदार ने मकान मालिक के घर में घुसकर चाकू से हमला कर दिया। वजह यह थी मकान मालिक ने इसी किराएदार से जब कमरा खाली किया था तो कथित तौर पर उसे अपमानित किया था। इसी का बदला लेने के लिए हमला किया गया। इस लड़ाई में मकान मालिक की साली की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मकान मालिक और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरी घटना का मुख्य आरोपी 35 साल का रोशन तरल है। आरोपी रोशन तरल करीब एक साल पहले 55 साल के मकान मालिक धर्मपाल डहाटे के घर में किराए पर रहता था। मकान खाली करवाने को लेकर दोनों के बीच काफी पुराना विवाद चल रहा था। आरोपी रोशन का कहना था कि जब उसका कमरा खाली करवाया जा रहा था तब उसे किराए पर रहने के दौरान सबके सामने बेइज्जत किया गया था। इसी बात का गुस्सा आरोपी ने अपने मन में रख लिया था। इसी पुरानी दुश्मनी और अपमान का बदला लेने के लिए आरोपी रोशन ने इस पूरी घटना को अंजाम देने की प्लानिंग की।
यह भी पढ़ें: 'गुलाम बना रहे हैं?' प्रदर्शन में जाने पर किया तड़ीपार, हाई कोर्ट ने पलटा फैसला
घर में घुसकर किया जानलेवा हमला
घटना वाले दिन आरोपी रोशन तरल पूरी तैयारी के साथ अचानक धर्मपाल डहाटे के घर के अंदर घुस गया। घर में घुसते ही उसने सबसे पहले मकान मालिक धर्मपाल डहाटे और उनकी 50 साल की पत्नी वनिता पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घर के अंदर अचानक शोर और चीखें सुनने पर धर्मपाल की 45 साल की साली संगीता चौधरी बीच-बचाव करने के लिए आगे आई। आरोपी रोशन ने गुस्से में आकर संगीता पर भी चाकुओं से लगातार कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही यशोधरा नगर थाने की स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गंभीर रूप से घायल हुए मकान मालिक और उनकी पत्नी को इलाज के लिए पास के अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही पुलिस ने मृतका संगीता चौधरी के शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: ब्रेन स्ट्रोक के चलते एक्सीडेंट, पुलिस ने ड्रंक ड्राइविंग बताकर 5 घंटे बिठाए रखा
पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि इस मामले में आरोपी रोशन तरल के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। इस वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं।