logo

मूड

ट्रेंडिंग:

NDA का दावा- राज्यसभा की सभी 5 सीटें जीतेंगे, पटना में मैराथन बैठकों का दौर

एनडीए ने बिहार की सभी पांच राज्यसभा सीटों पर जीत का दावा किया है। पटना में गठबंधन विधायकों की बैठक हुई। उन्हें चुनाव प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

BJP

भारतीय जनता पार्टी। (AI Generated Image)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement
Group2

संजय सिंह, पटना। बिहार में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) अपने विधायकों को एकजुट रखने और रणनीति को मजबूत बनाने में जुटा है। इसी कड़ी में पटना स्थित विधायक आवासीय परिसर में एनडीए विधानमंडल दल की अहम बैठक आयोजित की गई। इसमें सहयोगी दलों के सभी विधायक पहुंचे। बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा के साथ-साथ विधायकों को मतदान की प्रक्रिया समझाई गई।

 

राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के विधायक अशोक सिंह ने बताया कि इससे पहले बीजेपी कार्यालय में भी एनडीए के नेताओं की बैठक हो चुकी है। अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में आरएलएम के विधायकों की अलग से बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि बैठक में खास तौर पर नए विधायकों को राज्यसभा चुनाव में वोटिंग की प्रक्रिया समझाई जाएगी ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की तकनीकी गलती न हो।

 

यह भी पढ़ें: 'संसद के दरवाजे पर चाय-पकौड़ा खाते हैं,' राहुल गांधी पर भड़के अमित शाह

सभी पांचों सीट जीतेगा एनडीए: अशोक सिंह

अशोक सिंह ने कहा कि यह बैठक केवल औपचारिक नहीं, बल्कि विधायकों के बीच आपसी समन्वय और संवाद को मजबूत करने का भी अवसर है। इसी वजह से इसे एक तरह का ‘गेट-टुगेदर’ का रूप दिया गया है, जहां विधायकों के लिए खाने-पीने की भी विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने पूरे भरोसे के साथ कहा कि 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव में एनडीए सभी पांचों सीटों पर जीत हासिल करेगा। 

पार्टी निर्देशों का पालन करेंगे सभी विधायक

क्रॉस वोटिंग की आशंका को खारिज करते हुए अशोक सिंह ने कहा कि ऐसी संभावना लगभग न के बराबर है। उन्होंने कहा कि सभी विधायक अपनी जिम्मेदारी को समझते हैं। सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट फैसले के अनुसार अगर कोई विधायक पार्टी के खिलाफ जाकर वोट करता है तो उसकी सदस्यता समाप्त हो सकती है। ऐसे में सभी विधायक पार्टी के निर्देशों का पालन करेंगे।

 

यह भी पढ़ें: असम में चलेगी केजरीवाल की झाडू? आम आदमी पार्टी ने जारी की पहली लिस्ट

 

उपेंद्र कुशवाहा के बयान को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने कहा कि जब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपनी बात साफ तौर पर रख दी है तो उसी पर भरोसा किया जाना चाहिए। इधर, आरएलएम के ही विधायक माधव आनंद ने भी एनडीए की मजबूती का दावा किया। उन्होंने कहा कि राज्यसभा की पांचों सीटों पर एनडीए की जीत तय है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी विधायक पटना में मौजूद हैं और यह दर्शाता है कि एनडीए पूरी तरह संगठित और तैयार है। 

गणित पूरी तरह पक्ष में

माधव आनंद ने कहा कि एनडीए का गणित पूरी तरह उसके पक्ष में है और किसी तरह की चिंता की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे जितनी आशंकाएं जताए, लेकिन चुनाव के परिणाम एनडीए के पक्ष में ही आएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा तीसरी बार राज्यसभा के लिए चुने जाएंगे। कुशवाहा इससे पहले लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं और केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस बार भी राज्यसभा में पहुंचकर वे बिहार और देश के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।

राज्यसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज 

इधर, राजनीतिक गलियारों में फिलहाल राज्यसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज है। एनडीए की लगातार बैठकों और रणनीतिक तैयारियों से यह साफ संकेत मिल रहा है कि गठबंधन किसी भी स्थिति में चुनाव को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहता। अब सबकी निगाहें 16 मार्च को होने वाले मतदान और उसके नतीजों पर टिकी हुई है।


और पढ़ें