केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के नेदुमंगाड में एक डेढ़ साल के बच्चे की हत्या का मामला सामने आया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला है कि बच्चे के शरीर पर 91 चोटों के निशान थे। उसके सिर और छाती के अंदर खून बहने से उसकी मौत हुई है। पुलिस ने बच्चे के सौतेले पिता अश्कर को गिरफ्तार किया है। इस मामले में बच्चे की सगी मां अखिला की भी जांच हो रही है। पुलिस की इस जांच में आरोपी के पुराने अपराधों और कुछ दूसरी संदिग्ध मौतों के राज भी खुल रहे हैं।
पुलिस ने जब आरोपी सौतेले पिता अश्कर को पकड़कर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म मान लिया। उसने बताया कि यह छोटा बच्चा उसके और उसकी पत्नी अखिला के रिश्ते के बीच में आ रहा था। वह अखिला के साथ बिना किसी रोक-टोक के रहना चाहता था। इसी वजह से उसने बच्चे को हमेशा के लिए अपने रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और उसकी जान ले ली।
यह भी पढ़ें: एक परिवार, 4 लाशें और करोड़ों की संपत्ति, प्रयागराज का यह कांड डरा देगा
पुरानी घटना पर शक
इस हत्या के बाद बच्चे के साथ पहले हुई एक घटना पर भी सवाल उठ रहे हैं। कुछ समय पहले इस बच्चे का एक हाथ टूट गया था। उस समय बच्चे की मां अखिला और सौतेले पिता अश्कर ने सबको बताया था कि बच्चा सीढ़ियों से नीचे गिर गया था और इस वजह से उसका हाथ टूटा था। अब आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्चे की पसली भी टूटी हुई मिली है। इसे देखकर पुलिस को उनकी पुरानी बातों पर शक हुआ।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि बच्चे की सगी मां अखिला को सब कुछ पता था। वह अच्छी तरह जानती थी कि उसका पति अश्कर बच्चे को लगातार तंग कर रहा है और उसके साथ मारपीट करता है। सब कुछ देखने और जानने के बाद भी वह चुप रही। इसी वजह से पुलिस अब अखिला को भी इस अपराध का हिस्सेदार मान रही है।
आरोपी अश्कर का पुराना इतिहास
अश्कर की पहली पत्नी अमीना के परिवार वालों ने भी उस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि अश्कर ने अमीना को भी बहुत बुरी तरह पीटा था। उस मारपीट में अमीना के सिर पर इतनी गहरी चोट आई कि वह बेडरेस्ट पर चली गई। अमीना आज भी तिरुवनंतपुरम के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती है और वहां उसका काफी समय से इलाज चल रहा है।
पुलिस अब उससे जुड़ी दो और पुरानी मौतों की जांच कर रही है। इसमें पहली मौत अमीना के सगे भाई की है जो पानी में डूब गया था। पुलिस को शक है कि उस मौत के पीछे भी अश्कर का हाथ हो सकता है। दूसरी मौत एक दूसरी महिला की है जिससे पहले अश्कर की सगाई हुई थी। उस महिला की मौत कैसे हुई थी अब पुलिस उस गुथी को भी सुलझा रही है।
यह भी पढ़ें: सड़क पर नोट फेंककर पुलिस को चमकाना पड़ा भारी, एनकाउंट के बाद ड्रग तस्कर गिरफ्तार
कस्टडी की तैयारी
पुलिस अश्कर को अदालत से अपनी हिरासत यानी कस्टडी में लेने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लेकर और कड़ाई से पूछताछ की जाएगी। इससे मासूम बच्चे की हत्या का पूरा सच सामने आएगा। इसके साथ ही पहली पत्नी पर हमला, साले की डूबने से हुई मौत और मंगेतर की मौत के पीछे छुपे राज भी सामने आ सकेंगे।