उत्तर प्रदेश के महोबा में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही मेडिकल छात्रा के अपहरण और रेप का मामला सामने आया है। यह मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। छात्रा का आरोप है कि उसे अगवा करने के बाद 16 दिन तक बंधन बनाकर उसका गैंगरेप किया गया। कथिच तौर पर कोचिंग से लौटती समय छात्रा को अगवा किया गया। इस मामले में पीड़िता को बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है। सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें सामने आई हैं जिनमें पीड़िता एक व्यक्ति से शादी करती हुई दिखाई दे रही है। अब पुलिस इस वीडियो के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है। पीड़िता ने इसे जबरन शादी बताया है लेकिन पुलिस अब इस वीडियो की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: आंकड़े गायब, न शेल्टर होम, न सुविधाएं, कत्तों पर SC का आदेश कैसे मानेगी दिल्ली?
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को कोचिंग के बाद लाइब्रेरी से अपने रूम पर आते वक्त उसे गांव के ही कुछ लड़कों ने उसे किडनैप किया था। इसके बाद उसे 15 दिन बंधक बनाकर रखा और नशीला इंजेक्शन दे देकर उसका रेप करते रहे। इसके साथ ही पीड़िता ने आरोप लगाया कि 15 दिनों में उसे रोज नशीले इंजेक्शन देकर, चाकू से हाथ काटकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए जाते थे। मना करने पर मारपीट होती थी, शरीर को सिगरेट से जलाया जाता था। धमकी मिलती थी कि अगर बात नहीं सुनी तो वह उसके भाई को मार देंगे।
जबरन शादी का आरोप
पीड़िता ने आरोपियों पर जबरन शादी का भी आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि उसे 13 मई को प्रयागराज लाया गया और मोहित नाम के एक आरोपी से ही शादी करने का दबाव बनाया गया। पीड़िता का आरोप है कि उसे धमकी दी गई कि अगर उसने शादी के लिए मना किया तो उसके भाई को मार दिया जाएगा। आरोप है कि शादी के बाद भाई को छोड़ने के लिए कहा गया।
पीड़िता का कहना है कि शादी के बाद जब उसे गांव से जाया गया तो उसने देखा कि उसके भाई को कोई खतरा नहीं है और पूरा गांव उनके साथ खड़ा है। पीड़िता ने अपने परिवार को सब सच बताया और इसके बाद परिवार ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
यह भी पढ़ें: 'लॉ एंड ऑर्डर नहीं, क्रिमिनल डिसऑर्डर चल रहा है', बिहार सरकार पर भड़के तेजस्वी
पुलिस ने क्या बताया?
इस मामले में महोबा की अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि छतरपुर की एक महिला ने अपनी बेटी के अपहरण की शिकायत कोतवाली नगर थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस टीम ने लड़की को सुरक्षित बरामद किया। लड़की के कोर्ट में बयान कराए गए और फिर उसे परिवार को सौंप दिया गया।
पुलिस का कहना है कि लड़की के बयान के आधार पर केस में नई धाराएं बढ़ाई गईं और तीन आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। इसी बीच मामले में कुछ नए तथ्य भी सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें लड़की और आरोपी अपनी मर्जी से शादी करते दिखाई दे रहे हैं।
वंदना सिंह ने बताया कि जानकारी मिली है कि दोनों ने हाईकोर्ट में एक साथ याचिका भी दाखिल की थी। उसमें खुद को बालिग बताते हुए साथ रहने और परिवार से सुरक्षा की मांग की गई थी। पुलिस का कहना है कि अब इन नए तथ्यों की भी जांच की जा रही है। जो भी सबूत सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।