उत्तर प्रदेश के नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत करने के लिए सोमवार से 28 तय रास्तों पर कुल 115 आधुनिक बसों का संचालन शुरू हो गया है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरू हो रही कमर्शियल उड़ानों के चलते यात्रियों की भीड़ बढ़ने की उम्मीद को देखते हुए यह सुविधा शुरू की गई है। अब बोटैनिकल गार्डेन से नोएडा की कई अहम जगहों पर जाना बेहद आसान हो गया है। इन बसों के चलने से लोगों को टेपों, ऑटो या कैब का इंतजार नहीं करना होगा। अब बोटैनिकल गार्डेन से परी चौक, जेवर एयरपोर्ट, नोएडा सेक्टर 62, एमिटी यूनिवर्सिटी, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, सूरजपुर और अक्षरधाम जैसी जगहों के लिए सीधी बस मिल जाएगी।
पर्यावरण का ध्यान रखते हुए खास तरह की बसें उतारी गई हैं। कुल 115 बसों के बेड़े में 100 इलेक्ट्रिक बसें, 10 डबल डेकर बसें और हाइड्रोजन से चलने वाली 5 बसें हैं। रोडवेज के आरएम मनोज कुमार ने बताया कि रोडवेज 110 बसें चलाएगा और इन 5 हाइड्रोजन वाली बसों की देखरेख की जिम्मेदारी यमुना प्राधिकरण की है।
यह भी पढ़ें: रिश्वत नहीं देने पर जमकर पीटा था, अब मानवाधिकार ने दिया थानेदार पर केस का आदेश
बसों के नए रूट
इन सभी बसों का मेन सेंटर बॉटनिकल गार्डन है, जहां से ये सभी बसें अपने निर्धारित रूटों के लिए रवाना होकर नोएडा और आसपास के जगहों को जोड़ते हुए सफर तय करेगी। नंबर 1 के जरिए बसें गोल्फ कोर्स और परीचौक होते हुए ग्रेटर नोएडा तक जाएंगी। रूट नंबर 2 बॉटनिकल गार्डन से चलकर एक्सप्रेसवे के रास्ते जेवर एयरपोर्ट तक का सफर तय करेगी। रूट नंबर 3 बॉटनिकल गार्डन से निकलकर सेक्टर-37, सेक्टर-50 और सेक्टर-75 होते हुए सूरजपुर तक अपनी सेवा देगी। इसके अलावा, रूट नंबर 4 बॉटनिकल गार्डन से गाजियाबाद के लिए चलेगी, जो सेक्टर-61 और सेक्टर-62 जैसे प्रमुख इलाकों से होकर गुजरेगी। रूट नंबर 5 बॉटनिकल गार्डन से शुरू होकर नोएडा प्रवेश गेट और अक्षरधाम होते हुए आनंद विहार बस स्टेशन तक जाएगी।
टिकट का किराया
आम लोगों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया है, इसलिए इन बसों के चलने का समय सुबह 5 बजे से लेकर रात 10 बजे तक तय किया गया है। इन बसों में हर आदमी सफर कर सके इसी को ध्यान में रखते हुए इसका किराया कम से कम 20 रुपये और ज्यादा से ज्यादा 50 रुपये रखा गया है। बस के अंदर सब कुछ ठीक से चलता रहे और यात्रियों को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में ड्राइवर और कंडक्टर तैनात किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: देश विरोधी गतिविधियों में शामिल था मौलाना, एक चैट ने खोल दिया राज, ATS ने पकड़ा
चार्जिंग की व्यवस्था
इन बसों को बिना किसी रुकावट के चलाने के लिए चार्जिंग की बहुत अच्छी व्यवस्था की गई है। अभी के लिए सेक्टर-90 डिपो में 5 चार्जिंग स्टेशन बनाए गए हैं जहां रात और दोपहर के समय बसों को चार्ज किया जाता है। इसके साथ ही सेक्टर-35 के मोरना डिपो में भी चार्जिंग की सुविधा दे दी गई है। आगे आने वाले समय में जब बसों की संख्या और बढ़ेगी, तब सेक्टर-90 डिपो में प्राधिकरण की तरफ से 15 और नए चार्जिंग स्टेशन बनाने की योजना है ताकि बसों के संचालन में कभी कोई कमी न आए।