चंडीगढ़ प्रशासन ने कैब सेवा देने वाली कंपनी ओला (OLA) पर बड़ी कार्रवाई की है। चंडीगढ़ प्रशासन ने OLA की मूल कंपनी एएनआई टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस छह महीने के लिए निलंबित कर दिया है। परिवहन विभाग के आदेश के अनुसार, यह प्रतिबंध 17 जून 2026 से प्रभावी हो गया है। इसके बाद अब चंडीगढ़ में ओला कैब की सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी और ऐप के जरिए राइड बुकिंग भी संभव नहीं होगी।
प्रशासन ने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि कंपनी ने बार-बार नियम तोड़े और कई बार चेतावनी देने के बाद भी कोई सुधार नहीं किया। इस फैसले की वजह से शहर में ओला से सफर करने वाले हजारों यात्रियों को कुछ समय के लिए दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें: IAS आरके सिंह गिरफ्तार, पंचकूला नगर निगम फंड घोटाले में CBI ने उठाया
नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
परिवहन विभाग ने बताया कि कंपनी ने 'चंडीगढ़ प्रशासन मोटर व्हीकल एग्रीगेटर्स रूल्स, 2025' के कई प्रावधानों का पालन नहीं किया। विभाग के अनुसार, कंपनी को कई बार नोटिस भेजे गए और जवाब देने के लिए बैठकें भी बुलाई गईं लेकिन कंपनी की ओर से कोई प्रतिनिधि उपस्थित नहीं हुआ। इसे गंभीर लापरवाही माना गया।
जांच में यह भी पता चला कि ओला तय किए गए किराए के नियमों का सही तरीके से पालन नहीं कर रही थी। इसके अलावा कंपनी ने करीब एक साल पहले चंडीगढ़ में अपना लोकल ऑफिस बिना किसी जानकारी के बंद कर दिया था। विभाग ने यह भी पाया कि कंपनी का जो प्रीपेड सब्सक्रिप्शन मॉडल है वह नियमों के हिसाब से सही नहीं था।
यह भी पढ़ें: BJP विधायक बोले- मंत्र दे दो, रामपाल ने कहा- पहले ज्ञान और T&C को समझो
ड्राइवरों की शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई
प्रशासन को ओला से जुड़े कई ड्राइवरों से शिकायतें मिली थीं, जिनमें स्वास्थ्य बीमा, प्रशिक्षण और अन्य सुविधाएं न मिलने की बात कही गई थी। इन शिकायतों के आधार पर राज्य परिवहन प्राधिकरण ने यह सख्त कदम उठाया। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे फिलहाल ओला ऐप का उपयोग न करें और पंजीकृत अन्य कैब सेवाओं का सहारा लें।