समाजवादी पार्टी अध्यक्ष
अखिलेश यादव
की प्रस्तावित अयोध्या यात्रा पर यूपी सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या की तारीख तो बता दी, लेकिन मथुरा और काशी कब जाएंगे। सपा के पूर्व विधायक पवन पांडे के मुताबिक पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अध्योध्या आएंगे। वे अपने परिवार के साथ राम मंदिर भी जाएंगे।
सपा अध्यक्ष की अयोध्या यात्रा पर ओपी राजभर ने कहा, 'पूर्वांचल में कहावत है कि अब पछताए होत का, जब चिड़िया चुग गई खेत। आप उसी अयोध्या में जा करके एक हाथ में त्रिशूल और एक हाथ में चक्र ले करके भाषण देकर चले आए। भगवान राम के दर्शन नहीं किए। बनारस गए तो वहां भोलेनाथ जी के दर्शन नहीं किए।'
यह भी पढ़ें: हफ्तों बाद तक दिवाली की मिठाई खाना कितना खतरनाक, डाइटिशियन से जानिए
मथुरा-काशी कब जाएंगे: राजभर
राजभर ने सपा अध्यक्ष से अयोध्या के बाद मथुरा और काशी जाने की तारीख पूछी। दावा किया कि अयोध्या जाने से अखिलेश यादव को कोई फायदा नहीं होगा। मंत्री राजभर ने कहा, 'कृष्णा जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्री जी गए और आप पांच साल तक मुख्यमंत्री थे, तब नहीं गए। उसके बाद भी 10 साल बीत गए। तब भी आप मथुरा नहीं गए, तो वहां (अयोध्या) जाने से उनको कोई फायदा नहीं है। चलिए कम से कम सद्बुद्धि तो आई। अयोध्या जाने की तारीख बता दिए हैं। मथुरा और काशी की भी तारीख बता देना चाहिए। मथुरा कब जाएंगे... काशी कब जाएंगे।'
पत्नी डिंपल के साथ जाएंगे अखिलेश
सपा नेता पवन पांडे ने शनिवार को बताया कि 12 दिसंबर को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अपनी पत्नी डिंपल यादव के साथ राम मंदिर और हनुमानगढ़ी मंदिर जाएंगे। बता दें कि राम मंदिर के उद्घाटन के बाद से ही अखिलेश यादव के वहां न जाने की चर्चा यूपी की सियासत में खूब रही। बीजेपी का आरोप है कि तुष्टीकरण की राजनीति के कारण सपा अध्यक्ष राम मंदिर नहीं जाते हैं। हालांकि विधानसभा चुनाव 2027 से पहले अखिलेश यादव ने बीजेपी के चुनावी नैरेटिव को बदल दिया है।
यह भी पढ़ें: संजय झा से मिलीं पूर्व IPS काम्या मिश्रा, सियासत में आने की अटकलें तेज
साधु-संतों से लेंगे आशीर्वाद
कार्यक्रम के मुताबिक अखिलेश यादव कई मंदिरों में दर्शन के बाद अयोध्या के संतों से भी मिलेंगे और उनका आशीर्वाद लेंगे। राम लला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अखिलेश यादव की पहली मंदिर यात्रा ने यूपी का सियासी पारा बढ़ा दिया है। हालांकि अखिलेश ने पहले ही एलान किया था कि वह अयोध्या तभी जाएंगे, जब इटावा में बन रहा केदारेश्वर धाम तैयार हो जाएगा।