हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) के हॉस्टलों में एक बाहरी युवक के दाखिल होने और छात्रों के कमरों से नकदी चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। हिमगिरि और उदयगिरि छात्रावास में संदिग्ध गतिविधियों के बाद युवक को हॉस्टल कर्मियों ने पकड़ लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान आदित्य चौधरी पुत्र अर्जुन कुमार, निवासी उत्तम नगर, नई दिल्ली के रूप में हुई है। बताया गया है कि युवक हॉस्टल में मौजूदगी को लेकर पूछताछ के दौरान खुद को आईआईटी मंडी का छात्र बता रहा था। हालांकि, वह हॉस्टल में क्यों और किस आधार पर पहुंचा था, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।
कमरे से निकलते समय हॉस्टल कर्मियों ने पकड़ा
मामला 29 सितंबर की दोपहर करीब 3:10 बजे सामने आया। शिकायत के अनुसार हिमगिरि हॉस्टल के अटेंडेंट गुरभाग सिंह और मैस मैनेजर तेज कुमार राउंड पर थे। इसी दौरान उन्होंने कमरा नंबर G-54 के पास एक युवक को कमरे से बाहर निकलते देखा।
हॉस्टल कर्मियों ने युवक से पूछताछ की तो वह अपनी मौजूदगी के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद उसे एमएमसीए कार्यालय ले जाकर पूछताछ की गई। वहां सहायक वार्डन डॉ. नीरज धीमान ने भी उससे पूछताछ की।
यह भी पढ़ें: 'इसे हल्के में नहीं ले सकते', SIR पर बोलीं कांग्रेस की प्रतिभा सिंह
पूछताछ में दूसरे हॉस्टल का भी जिक्र
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान युवक ने हिमगिरि के साथ-साथ उदयगिरि हॉस्टल में भी रुपये चोरी करने की बात कही। इसी दौरान कुछ छात्रों ने भी अपने कमरों से नकदी गायब होने की जानकारी दी। इसके बाद युवक की तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से 21,510 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा दो ATM कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, आईआईटी मंडी का पहचान पत्र, रेडमी मोबाइल फोन, एचआरटीसी बस टिकट, एक लैपटॉप और पिट्ठू बैग भी मिला।
पुलिस अब बरामद नकदी और अन्य सामान के संबंध में जांच कर रही है कि इनमें से कौन-कौन सी वस्तुएं NIT के छात्रों की हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों हॉस्टलों में हुई कथित चोरियों में आरोपी की भूमिका कितनी थी। सदर थाना हमीरपुर में मामला दर्ज किया गया है। एसपी बलवीर सिंह ने युवक की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
पुलिस अब आरोपी की हॉस्टल में प्रवेश की वजह, उसकी कथित पहचान और बरामद सामान के वास्तविक मालिकों की जानकारी जुटा रही है। घटना ने संस्थान के हॉस्टलों में बाहरी लोगों के प्रवेश और छात्रों की सुरक्षा से जुड़े सवाल भी खड़े किए हैं। हालांकि उपलब्ध पुलिस जानकारी के आधार पर अभी यह स्पष्ट नहीं है कि युवक हॉस्टल परिसर में किस रास्ते से और किस उद्देश्य से दाखिल हुआ था। इस पहलू की जांच पुलिस कर रही है।