हरियाणा के पानीपत जिले में एक महिला की आत्महत्या का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। 11 महीने के बेटे के पहले जन्मदिन की तैयारियों के बीच महिला ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। मृतका के परिजनों ने पति, सास और ससुर पर दहेज प्रताड़ना के साथ-साथ मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला के पिता ने यह भी कहा कि बेटी ने उसकी वॉट्सएप चैट पढ़ ली थी। इसके बाद से वह बेहद परेशान थी।
मृतका की पहचान रीतू के रूप में हुई है। वह राजस्थान के अलवर जिले के तिजारा निवासी हवा सिंह की बेटी थी। रीतू की शादी करीब दो साल पहले पानीपत के समालखा स्थित गांधी कॉलोनी निवासी संजय के साथ हुई थी। संजय सीमा सुरक्षा बल (BSF) में सब-इंस्पेक्टर है और वर्तमान में पश्चिम बंगाल में तैनात है। घटना से एक दिन पहले तक परिवार में बेटे के पहले जन्मदिन की तैयारियां चल रही थीं।
यह भी पढ़ें: नाले का स्लैब टूटा, 25 उम्मीदवार गिरे; कानपुर में बीएड परीक्षा देने आए थे
दहेज को लेकर प्रताड़ना का आरोप
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रीतू के पिता हवा सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जाता था। पति संजय, सास कृष्णा और ससुर देशराज कथित तौर पर उसे ताने देते थे कि उसने एक अधिकारी से शादी की है लेकिन उसके मायके वालों ने उस स्तर का दहेज नहीं दिया। परिजनों का आरोप है कि इसी वजह से रीतू को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि संजय का किसी दूसरी महिला के साथ संबंध था। रीतू को पति के मोबाइल फोन में उस महिला के साथ व्हाट्सएप चैट और कुछ तस्वीरें मिली थीं। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। परिजन का दावा है कि जब रीतू ने इस बारे में सवाल किया तो उसके साथ मारपीट भी की गई। उसने रोते हुए अपने परिवार को पूरी बात बताई थी।
यह भी पढ़ें: पर्यटक ने हिमाचल के कसोल में स्थानीय को मारी गोली, वीडियो वायरल
फोन पर बहस के बाद उठाया आत्मघाती कदम
परिजन के अनुसार, 30 मई की सुबह रीतू और उसके पति के बीच फोन पर बहस हुई थी। इसके कुछ घंटे बाद रीतू ने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसकी सास और ननद पास में आयोजित सत्संग में गई हुई थीं। घर लौटने पर उन्हें बच्चा रोता मिला। जब कमरे में जाकर देखा गया तो रीतू का शव फंदे से लटका हुआ था।
समालखा थाना पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर पति संजय, सास कृष्णा और ससुर देशराज के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।