बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्र सरकार और देश की मौजूदा व्यवस्था पर जोरदार हमला बोला। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पप्पू यादव ने युवाओं के अपमान से लेकर देश की अर्थव्यवस्था, चुनावी धांधली और दिल्ली के राजनीतिक हालातों तक कई बड़े मुद्दों पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी द्वारा युवाओं को ‘तेलचट्टा’ कहे जाने और मुख्य न्यायाधीश की एक कॉकरोच वाली टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि देश का युवा न तो कॉकरोच है और न ही हमारी बेटियां-बहनें मक्खी या झींगुर हैं।
पप्पू यादव ने कहा कि अगर इस देश में कोई चट्टा, कॉकरोच, मक्खी, झींगुर है तो नेता है। नेता से बड़ा दलाल, गद्दार और आम आदमी को लूटने वाला कोई नहीं है। देश की आत्मा का सबसे बड़ा गद्दार नेता है। उन्होंने कहा कि नेताओं ने ही देश को लूटा है। युवा देश का भविष्य है। युवाओं को इस तरह के शब्द कहना उनका अपमान है।
पप्पू यादव ने कहा कि जीतन राम मांझी को इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए। युवा ही देश की दशा और दिशा बदलते हैं। युवाओं को तेलचट्टा कहना गलत है। चीफ जस्टिस ने भी युवाओं पर टिप्पणी की यह भी ठीक नहीं है। हमारी बेटी-बहन मक्खी नहीं हैं। देश की आत्मा युवा हैं। नेताओं को अपनी जुबान पर लगाम लगानी चाहिए।
यह भी पढ़ें: ग्राउंड रिपोर्ट: पुलिस की रणनीति पर भारी पड़ रही प्रदर्शनकारियों की चाल
SIR और वोट चोरी पर बोले पप्पू यादव
पप्पू यादव ने वोट चोरी और
SIR
का भी मुद्दा उठाया, उन्होंने कहा 'संविधान की रक्षा की आखिरी उम्मीद सिर्फ सुप्रीम कोर्ट बचा है लेकिन थक चुका हूं। अब न्यायालय से भी डर लगता है।
राहुल गांधी
ने पूरे बिहार का दौरा कर SIR का मुद्दा उठाया। जज ने खुद कहा है कि बंगाल में गलत तरीके से नाम काटे और जोड़े गए। बिहार में 67 लाख वोट काटकर चुनाव जीता गया। वोट चोरी कर चुनाव जीता जा रहा है। लोकतंत्र खतरे में है।'
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को निष्पक्ष होना चाहिए लेकिन चुनाव आयोग सरकार के इशारे पर काम कर रहा है। बिहार में 67 लाख वोट काटे गए। यह वोट गरीबों, दलितों और पिछड़ों के थे। उन्हें वोट देने से रोका गया। राहुल गांधी ने इस मुद्दे को उठाया है। पूरे बिहार में उन्होंने यात्रा की और लोगों को जागरूक किया। सुप्रीम कोर्ट को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। यदि वोट चोरी इसी तरह होती रही तो लोकतंत्र खत्म हो जाएगा।
इकॉनमी और कर्ज पर उठाया सवाल
पप्पू यादव ने कहा, '2014 में पेट्रोल-डीजल-गैस 57-62 रुपये था, आज 110-120 रुपये है। तब देश 52-53 लाख करोड़ के कर्ज में था और आज 86-89 बिलियन डॉलर के कर्ज में है। चार दिनों में कंपनियों ने 49 हजार करोड़ भारत से बाहर भेजा। मिडिल क्लास EMI में दब चुका है। सवा लाख से ज्यादा स्कूल-कॉलेज बंद, हर पेपर लीक, बेरोजगारी तीन गुना हो गई है।'
उन्होंने आगे कहा कि महंगाई चरम पर है। पेट्रोल-डीजल के दाम दोगुने हो गए हैं। गैस सिलेंडर 1200 रुपये तक पहुंच गया है। आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। मिडिल क्लास EMI में दबा हुआ है। घर का लोन, गाड़ी का लोन और बच्चों की फीस भरना मुश्किल हो गया है। देश पर कर्ज बढ़ता जा रहा है। सरकार कर्ज लेकर चल रही है। कंपनियां पैसा बाहर भेज रही हैं। चार दिनों में 49 हजार करोड़ रुपये बाहर भेजा गया है। यह देश के लिए खतरे की घंटी है।
मिलिट्री छोड़ टोटल पैरामिलिट्री फोर्स जम्मू-कश्मीर से हटाकर जनता पर लगा दी गई, दिल्ली में आतंक जैसा माहौल है। एलन मस्क ने जो ट्वीट कर PM का अपमान किया, देश के वोटर का अपमान किया, उस पर गोदी मीडिया, PM, गृहमंत्री, BJP-RSS का एक भी प्रवक्ता नहीं बोला। मान लिया गया कि इस देश के PM मोदी नहीं, दो बड़े उद्योगपति हैं।
उन्होंने कहा कि देश में सन 42 से बड़ी क्रांति शुरू हुई है। राहुल गांधी 10 हजार किलोमीटर कश्मीर से कन्याकुमारी तक चले। भारत की आत्मा को बचाने के लिए लड़ रहे हैं। कल दिल्ली में लगभग 7 हजार लोगों की गिरफ्तारी हुई, जिसमें यूट्यूबर और पार्टी लीडर शामिल थे। ट्रेनें बंद, इंटरनेट बंद। अन्ना आंदोलन में मनमोहन सिंह ने लाल कारपेट बिछाया था, आज राहुल-प्रियंका को मरवाने की साजिश हो रही है। जंतर-मंतर पर मेरी बेटी के कपड़े चीरे गए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में लोकतंत्र को कुचला जा रहा है।