संजय सिंह, पटना। राजधानी में पिछले कई दिनों से दहशत फैलाने वाले कुख्यात 'बंटी-बबली' गैंग की पहचान पुलिस ने कर ली है। ये दोनों प्रेमी-प्रेमिका हाजीपुर के रहने वाले हैं। महात्मा गांधी सेतु पार कर पटना आते हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में रेकी करते हैं। मौका मिलते ही महिलाओं और बुजुर्गों के गले से सोने की चेन झपट कर फरार हो जाते हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी युवक की पहचान कर ली है। उसकी प्रेमिका ही चेन झपटने का काम करती है।
सिटी एसपी पूर्वी शैलजा ने कहा कि दोनों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
हाजीपुर से आकर देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों वैशाली जिले के हाजीपुर के रहने वाले हैं। ये तेज रफ्तार पल्सर बाइक पर सवार होकर महात्मा गांधी सेतु पार करते हैं। सीधे पटना के वीआईपी थाना इलाकों में पहुंच जाते हैं। शास्त्रीनगर, जक्कनपुर और कंकड़बाग जैसे इलाकों में ये घंटों रेकी करते हैं। जिस गली में बुजुर्ग, महिला या कोई अकेला व्यक्ति दिखता है, वहीं झपट्टा मारते हैं। वारदात के बाद तुरंत जीरो माइल होते हुए हाजीपुर भाग जाते थे।
यह भी पढ़ें: TCS केस में आरोपी निदा खान को राहत, नासिक कोर्ट ने दी जमानत
युवती करती थी चेन स्नेचिंग
इस गैंग की कार्यशैली बेहद शातिर है। युवक बाइक चलाता है। भीड़ में भी बाइक को बेहद फुर्ती से संभालता है। पीछे बैठी युवती मौका देखते ही गले पर हाथ मारती है। पलक झपकते ही सोने की चेन उड़ा लेती है। दोनों वारदातों में भी चेन युवती ने ही झपटी थी। सुबह कंकड़बाग इलाके में इन दोनों ने पुलिस को खुली चुनौती दी। सुबह 8 बजे कंकड़बाग टेंपो स्टैंड के पास अशोक नगर रोड नंबर 8-बी के रहने वाले टिंकू से चेन छीनी।
इसके ठीक 30 मिनट बाद जगनपुरा मोड़ के पास डॉक्टर रंजीत कुमार के गले से भी चेन झपट ली। दोनों घटनाओं के बाद ये जीरो माइल की तरफ भाग निकाला। बैक-टू-बैक वारदात के बाद कंकड़बाग पुलिस हरकत में आई। इलाके के दर्जनों सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। फुटेज में दोनों बाइक से जीरो माइल की तरफ जाते दिखे। इसके बाद महात्मा गांधी सेतु पर लगे सर्विलांस कैमरे ट्रैक किए गए। स्पष्ट हो गया कि दोनों हाजीपुर की सीमा में घुस गए हैं।
तकनीकी अनुसंधान से हुई पहचान
साक्ष्य मिलने के बाद पटना पुलिस ने हाजीपुर पुलिस से संपर्क किया। स्थानीय इनपुट और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर युवक की पहचान कर ली गई। उसका आपराधिक इतिहास भी खंगाला गया। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। चेन झपटने वाली लड़की कोई पेशेवर अपराधी नहीं है। वह युवक की प्रेमिका है। दोनों साथ में यह काम कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: बारुईपुर रेप-मर्डर: प्राइवेट पार्ट में चोट, शरीर पर दातों के निशान का खुलासा
पटना में ताबड़तोड़ चेन स्नेचिंग की
पिछले कुछ दिनों में इस गैंग ने पटना में ताबड़तोड़ चेन स्नेचिंग की। शास्त्रीनगर, जक्कनपुर और कंकड़बाग पुलिस के लिए यह सिरदर्द बन गया था। वीआईपी इलाकों में वारदात कर ये आसानी से निकल जाते थे। महिलाओं में दहशत थी। लोग सुबह-शाम घर से निकलने में डर रहे थे। अब पुलिस ने दोनों की पहचान कर ली है। टीमें हाजीपुर और आसपास के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
सिटी एसपी पूर्वी शैलजा ने कहा। बहुत जल्द दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उनके खिलाफ ठोस सबूत जुटाए जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार दोनों हर बार बाइक का नंबर बदल लेते थे और हेलमेट और जैकेट पहनते थे। ताकि सीसीटीवी में पहचान न हो। लेकिन महात्मा गांधी सेतु के हाईटेक कैमरों ने उनका खेल बिगाड़ दिया।