संजय सिंह, पटना। पटना में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता दिख रहा है। बुधवार तड़के मसौढ़ी के चरमा गांव में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। 27 लाख रुपये की लूटकांड में वांछित कुख्यात अपराधी अजय पासवान पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अजय यादव उर्फ छोटू उर्फ सरवन को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अजय पासवान अपने गिरोह के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही मसौढ़ी थाना पुलिस ने चरमा गांव की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस टीम अपराधियों के करीब पहुंची, बदमाशों ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और चली गोली अजय पासवान के पैर में जा लगी। घायल होते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया।
यह भी पढ़ें: होटल से TMC विधायक गिरफ्तार, कोलकाता ला रही पुलिस
पुलिस ने पीछा कर दबोचा आरोपी
मुठभेड़ के दौरान अजय यादव उर्फ छोटू भागने की कोशिश कर रहा था। हालांकि पुलिस टीम ने पीछा कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों अपराधियों को लंबे समय से कई संगीन मामलों में तलाशा जा रहा था।
स्वर्ण व्यवसाई पर थी गैंग की नजर
जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह मसौढ़ी के एक स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाने की तैयारी कर रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अपराधियों ने व्यापारी की गतिविधियों और प्रतिष्ठान की रेकी भी कर ली थी। माना जा रहा है कि पुलिस समय रहते सक्रिय नहीं होती तो इलाके में बड़ी लूट की घटना हो सकती थी।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में कभी था AAP का 'शीशमहल', अब है BJP की 'कुर्सी', ये माजरा क्या है?
हथियार, कारतूस और कई राज
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अपराधियों के पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों पर हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही कार्तिकेय राज समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस अब गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के लिए सफलता, अपराधियों में बेचैनी
पटना पुलिस इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि मान रही है। हाल के दिनों में लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से अपराधियों में बेचैनी बढ़ी है। मसौढ़ी एनकाउंटर ने साफ संकेत दे दिया है कि राजधानी में अब अपराधियों के लिए बच निकलना आसान नहीं होगा।