प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को असम के सिलचर शहर में 23,550 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस पर पूर्वोत्तर को आजादी के बाद कई दशकों तक 'दिल्ली' और 'दिल' दोनों से दूर रखने का आरोप लगाया।
पीएम मोदी ने सिलचर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'कांग्रेस की सरकारों ने इस क्षेत्र को एक तरह से भुला दिया था। लेकिन बीजेपी की डबल इंजन सरकार ने इसे इस तरह जोड़ा है कि हर जगह चर्चा हो रही है।'
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी का MANAV विजन, आखिर क्यों कहा AI पर सबका अधिकार हो?
बताया ऐक्ट ईस्ट पॉलिसी का केंद्र
उन्होंने बताया कि आजादी से पहले बराक घाटी एक महत्वपूर्ण व्यापार मार्ग और औद्योगिक केंद्र थी लेकिन कांग्रेस ने स्वतंत्रता के समय सीमाएं इस तरह खींचीं कि यह क्षेत्र समुद्र से कट गया। पूर्वोत्तर भारत की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' का केंद्र है और यह देश को दक्षिण-पूर्व एशिया से जोड़ने वाला ब्रिज है। लेकिन कांग्रेस ने असम की बराक घाटी को भी अलग-थलग कर दिया।
प्रधानमंत्री ने शिलांग-सिलचर कॉरिडोर की नींव रखी। यह पूर्वोत्तर भारत का पहला एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड चार-लेन हाई-स्पीड कॉरिडोर है। इस 166 किलोमीटर लंबे प्रोजेक्ट पर करीब 22,860 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे मेघालय और असम के बीच कनेक्टिविटी बहुत बेहतर हो जाएगी। गुवाहाटी से सिलचर की दूरी कम होगी और यात्रा का समय 8.5 घंटे से घटकर लगभग 5 घंटे रह जाएगा।
कनेक्टिविटी की बात की
पीएम मोदी ने कहा, 'यह कॉरिडोर सिलचर को मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा से जोड़ेगा। आगे चलकर बांग्लादेश, म्यांमार और दक्षिण-पूर्व एशिया तक कनेक्टिविटी सुधरेगी।'
इसके अलावा, उन्होंने सिलचर में एनएच-306 पर एक एलिवेटेड कॉरिडोर (फेज-1) का भूमि पूजन भी किया। यह ट्रंक रोड से रंगिरखारी पॉइंट तक बनेगा। इससे सिलचर की सबसे व्यस्त सड़क पर जाम कम होगा और पड़ोसी राज्यों मिजोरम, त्रिपुरा, मणिपुर से जुड़ाव मजबूत होगा। इससे बराक घाटी का आर्थिक विकास भी तेज होगा।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर असम के युवाओं को हिंसा और आतंकवाद में फंसाए रखने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कई राज्यों में हार चुकी है और जल्द ही चुनावी हार का शतक पूरा कर लेगी। हाल ही में दिल्ली में AI समिट के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कपड़े फाड़कर विरोध किया, जो देश के खिलाफ है। ऐसी पार्टी देश या असम का भला नहीं कर सकती।
कहा- फैला रहे अफवाह
उन्होंने कहा कि मध्य-पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए हमारी सरकार पूरी कोशिश कर रही है लेकिन कांग्रेस सिर्फ बीजेपी और मुझे निशाना बनाने के लिए अफवाहें फैलाकर पैनिक (panic) पैदा कर रही है।
यह भी पढ़ें: इजरायल के दौरे पर पीएम मोदी; ट्रेड, डिफेंस से सिक्युरिटी तक क्या है एजेंडा?
अंत में, प्रधानमंत्री ने करीमगंज जिले के पाथरकांडी में एक नए कृषि महाविद्यालय की नींव भी रखी। ये सभी परियोजनाएं पूर्वोत्तर के विकास को नई गति देंगी और लोगों की जिंदगी आसान बनाएंगी।