उत्तर प्रदेश के कन्नौज में POCSO केस का आरोपी जिला न्यायालय परिसर से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फरार आरोपी की पहचान अंकुल उर्फ अंशुल (25) के रूप में हुई है। वह सौरिख थाना क्षेत्र के पुरवा नैन गांव का रहने वाला है। अंगुलियों के निशान लेने की कार्रवाई के दौरान उसने उल्टी-दस्त का बहाना बनाया और उसे शौचालय की ओर ले जा रहे सिपाही को धक्का देकर कोर्ट परिसर की बाउंड्री फांदकर भाग निकला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक, अंकुल उर्फ अंशुल के खिलाफ सौरिख थाने में नाबालिग से छेड़छाड़, घर में घुसने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस ने उसे 30 अगस्त को सौरिख-तिर्वा मार्ग स्थित मढ़पुरा पुल के पास से गिरफ्तार किया था।
निशान लेते समय दिया चकमा
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया था। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत उसके अंगुलियों के निशान लेने के लिए उसे जिला न्यायालय परिसर लाया गया। इसी दौरान अंकुल ने अचानक उल्टी-दस्त होने की बात कही और शौचालय जाने की इच्छा जताई।सिपाही उसे लेकर शौचालय की ओर जा रहा था, तभी आरोपी ने मौका पाकर सिपाही को धक्का दिया और तेजी से भागने लगा। पुलिसकर्मी के संभलने से पहले वह कोर्ट परिसर की बाउंड्री तक पहुंचा और उसे फांदकर फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: सहारनपुर PNB करेंसी चेस्ट में मिले 17 करोड़ के जाली नोट, 3 अफसर निलंबित
आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुट गईं। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देश पर पांच टीमें गठित की गई हैं। सौरिख, ठठिया और गुरसहायगंज थानों की पुलिस के अलावा स्वाट और सर्विलांस टीम को भी तलाश में लगाया गया है। कोर्ट परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है। आसपास के इलाकों में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: गैस सिलेंडर लीक से घर में लगी आग, बाइक के टैंक में धमाका, 2 छात्रों की मौत
पुलिस की लापरवाही की भी जांच
पॉक्सो जैसे गंभीर मामले के आरोपी का न्यायालय परिसर से पुलिस अभिरक्षा में फरार होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। एसपी विनोद कुमार ने कहा है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं। साथ ही ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।