गाजियाबाद के हिंदू मीरपुर गांव में डंपिंग ग्राउंड का विरोध तीखी झड़प में बदल गई। पुलिस ने विरोध कर रहे किसानों पर जमकर लाठियां भांजी। सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हैं। लाठीचार्ज में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। दरअसल, ट्रॉनिका सिटी थाने के हिंदू मीरपुर गांव में डंपिंग ग्राउंड बन रहा है। किसानों ने इसके खिलाफ आज ज्ञापन सौंपने का फैसला किया।
बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने डंपिंग ग्राउंड के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही भारी संख्या में पुलिसबल भी मौके पर पहुंचा। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि लाठीचार्ज की नौबत कैसे आई। पुलिस और किसान एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। बताया जा रहा है कि जब पुलिस प्रदर्शनकारियों को गाड़ियों में भरने लगी तो कुछ लोगों ने पथराव किया। इसके बाद किसानों ने लाठी पटककर भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें: तारिक रहमान के शपथ ग्रहण में नहीं जाएंगे पीएम मोदी, कुछ और है प्लान
किसानों का दावा है कि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण चल रहा था। इसी दौरान पुलिस ने लोगों को पकड़ना शुरू कर दिया। इससे आक्रोश फैल गया। लोगों का दावा है कि लाठीचार्ज में कई लोग घायल हुए हैं। किसानों का तर्क है कि अगर इलाके में डंपिंग ग्राउंड बना तो लोगों को बदबू से परेशान होना पड़ेगा। ग्रामीणों ने डंपिंग ग्राउंड की जगह स्कूल और अस्पताल बनाने की मांग की।
यह भी पढ़ें: 3 गांवों में उत्पात, 46 की हत्या; बदमाशों का ऐसा कहर नहीं देखा होगा
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में दिख रहा है कि पुलिस खेतों में दौड़ा-दौड़ाकर किसानों पर लाठियां बरसा रही है। गेहूं के खेत में एक शख्स पर पुलिस के कई जवान लाठियां भांज रहे हैं। चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल है। लोग खेतों में भाग रहे हैं।