संजय सिंह, पटना। बिहार के मधेपुरा जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार निर्माण के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। उदाकिशुनगंज अनुमंडल के रतवारा थाना क्षेत्र में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री पर छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार, अर्द्धनिर्मित पिस्टल और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। इस दौरान दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि रतवारा थाना क्षेत्र के गंगापुर बलहा बासा गांव स्थित एक घर में अवैध हथियारों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान घर के अंदर हथियार बनाने का पूरा सेटअप मिला, जिससे स्पष्ट हो गया कि यहां लंबे समय से अवैध तरीके से हथियार बनाए जा रहे थे।
यह भी पढ़ें: 8 साल तक शादी का भरोसा, शारीरिक संबंध भी बनाएं, बाद में मुकर आया थानाध्यक्ष
पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद दो लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुनो सिंह और पाण्डव कुमार के रूप में हुई है। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है, ताकि इस अवैध हथियार निर्माण नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके।
भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार और उपकरण बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने 32 अर्द्धनिर्मित पिस्टल, छह पिस्टल स्लाइड, 26 पिस्टल ग्रीप, दो देशी मास्केट, 19 कारतूस, दो मैगजीन, दो कट्टा बैरल और एक देशी कट्टा बरामद किया है। इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली लेथ मशीन सहित कई उपकरण भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच के जरिए इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि अवैध हथियार बनाने के इस काम में मुंगेर के कारीगरों की भी मदद ली जा रही थी। मुंगेर लंबे समय से अवैध हथियार निर्माण के लिए बदनाम रहा है और आशंका जताई जा रही है कि यहां भी उसी नेटवर्क के लोग तकनीकी सहयोग दे रहे थे। हालांकि पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: 'अखिलेश यादव की देशभक्ति पर संदेह...', केशव मौर्य और सपा में फिर ठन गई
क्या बोले एसडीपीओ?
उदाकिशुनगंज के एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में अर्द्धनिर्मित हथियार और निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इस अवैध हथियार नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।