दिल्ली से चेन्नई के लिए रवाना हुई इंडिगो फ्लाइट में उड़ान के दौरान एक यात्री के पावर बैंक में आग लग गई। फ्लाइट में आग की वजह से हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए फ्लाइट को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना रविवार को हुई है। इंडिगो की फ्लाइट 6ई-6115 दिल्ली से चेन्नई जा रही थी, उड़ान के दौरान यात्री के पावर बैंक से धुआं निकलते हुए देखा गया। बाद में फिर केबिन के क्रू मेंबर ने तुरंत स्थिति को कंट्रोल किया और फायर सेफ्टी के उपकरण से आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक, सभी पैसेंजर्स और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं।
यह भी पढ़ें: 90s के वे रीमिक्स गाने जिनके ओरिजिनल वर्जन के बारे में नहीं जानते हैं लोग
यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से चेन्नई पहुंचाया गया
इंडिगो के मुताबिक, यात्रियों को चेन्नई पहुंचाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की गई है। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई परेशानी पर खेद जताता और आगे की स्थिति के बारे में समय-समय पर जानकारी भी दी गई। कंपनी ने दोहराया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इस घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
कैसे लगी आग?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग सामान रखने वाली ऊपर की जगह (ओवरहेड लगेज कम्पार्टमेंट) में लगी थी। बताया जा रहा है कि यात्री के पावर बैंक में आग लगी थी, पहले उससे धुआं निकलने लगा और फिर ब्लास्ट हो गया। इस घटना की वजह से फ्लाइट में अफरा-तफरी मच गई। केबिन क्रू ने फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल करके आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया।
हालांकि सुरक्षा के लिहाज से फ्लाइट का रास्ता बदलकर उसे हैदराबाद एयरपोर्ट ले जाया गया, जहां वह सुरक्षित उतर गई। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।