logo

मूड

ट्रेंडिंग:

 जमीन विवाद में कत्ल, घर में घुसकर कॉलेज कर्मचारी को मारी गोली; आरोपी अधमरा

UP के जिला प्रयागराज मेें गुरुवार की दोपहर काॅलेज कर्मचारी की दिनदहाड़े जमीन के विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। गुस्साई भीड़ ने आरोपी को भी मारपीट कर अधमरा कर दिया।

Police and Advocate

वकीलों से बात करते पुलिस अधिकारी, Photo Credit : Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

 उत्तर प्रदेश के जिला प्रयागराज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले दिनदहाड़े हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई। सलोरी इलाके में नजूल की जमीन को लेकर चल रहे विवाद में ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के लैब अटेंडेंट और अधिवक्ता सतीश कुमार श्रीवास्तव (52) की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि विवादित मकान और प्लॉट की बाउंड्री तोड़ने पहुंचे लोगों ने विरोध करने पर पहले सतीश के साथ मारपीट की और फिर उनके पेट में गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने हमलावर पक्ष के एक व्यक्ति को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सलोरी निवासी सतीश कुमार श्रीवास्तव घर से कुछ दूरी पर स्थित ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में लैब अटेंडेंट के पद पर कार्यरत थे। वह अधिवक्ता भी थे। उनकी पत्नी वर्षा एक इंटर कॉलेज में शिक्षिका हैं, जबकि उनकी बेटी वैष्णवी निजी कॉलेज में पढ़ाती हैं। परिवार में उनकी दूसरी बेटी वैशाली भी है।परिजनों के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे सतीश ने अपनी पत्नी वर्षा को फोन किया।

 

यह भी पढ़ें: 'गरबा पंडाल में एंट्री से पहले गोमूत्र पिलाएं', धीरेंद्र शास्त्री ने की अपील

 

उन्होंने बताया कि सलोरी स्थित मकान पर अपर शासकीय अधिवक्ता देवेंद्र नाथ मिश्रा अपने बेटे निपेंद्र उर्फ बच्चू, बहू और करीब 20 से 25 लोगों के साथ पहुंचे हैं। सतीश ने पत्नी से जल्द घर पहुंचने के लिए कहा। वर्षा के मुताबिक, मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आरोपित पक्ष के लोग मकान का ताला तोड़ने के साथ ही पीछे स्थित प्लॉट की बाउंड्री भी तोड़ रहे थे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान पथराव किया गया और सतीश पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। इसके बाद लाइसेंसी रिवॉल्वर से उनके पेट में गोली मार दी गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत

गोली लगने से सतीश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हत्या की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और तनाव का माहौल बन गया।मामले में आरोपित पक्ष के देवेंद्र नाथ मिश्रा भी गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं। घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और एक हमलावर को भीड़ ने पकड़कर जमकर पीटा। पिटाई में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

 

यह भी पढ़ें: आजम खान की बढ़ीं मुश्किलें, जौहर यूनिवर्सिटी पर नई FIR, 416 करोड़ का हिसाब नहीं

चार घंटे तक अस्पताल में हंगामा, अंतिम संस्कार से इनकार

सतीश की हत्या से नाराज परिजनों ने एसआरएन अस्पताल के गेट के पास शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजन आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए एनकाउंटर की मांग भी उठाई और कार्रवाई होने तक शव का अंतिम संस्कार नहीं करने की बात कही।

 

करीब चार घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। मौके पर डीसीपी नगर सागर जैन, कर्नलगंज एसीपी विवेक यादव समेत अन्य अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए।

सीएम योगी के कार्यक्रम से पहले वारदात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयागराज आगमन को लेकर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद सलोरी में घर में घुसकर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।इसी इलाके के तेलियरगंज में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित था। ऐसे में कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले हुई इस वारदात के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई।

 

यह भी पढ़ें: भदोही: बृजेश सिंह के बेटे अमित सिंह लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, चिंता किसे है?

नजूल की जमीन को लेकर पुराना विवाद

सतीश कुमार श्रीवास्तव और देवेंद्र नाथ मिश्रा के बीच नजूल की संपत्ति को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार को विवादित मकान का ताला तोड़ने और प्लॉट की बाउंड्री तोड़े जाने के दौरान दोनों पक्षों के बीच संघर्ष हुआ। इसी दौरान गोली लगने से सतीश की मौत हो गई।डीसीपी नगर सागर जैन के मुताबिक, मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े वीडियो फुटेज की भी जांच कर रही है। सामने आए फुटेज में कुछ लोग मास्क और गमछे से चेहरा ढककर जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपितों की भूमिका स्पष्ट करने में जुटी है।

Related Topic:#Crime News#UP News

और पढ़ें