राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 6 अक्तूबर को हिमाचल प्रदेश के दौरे पर जाने वाली हैं। अब इस दौरे में बड़ा बदलाव किया गया है। अब राष्ट्रपति श्री नयना देवी मंदिर नहीं जाएंगी और सीधे AIIMS बिलासपुर पहुंचेंगी। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10:35 बजे राष्ट्रपति का एम्स परिसर में आगमन होगा और इसके करीब दस मिनट बाद 10:45 बजे एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में वह मुख्यातिथि के रूप में शामिल होंगी। करीब 50 मिनट के कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति मनाली के लिए रवाना होंगी।
राष्ट्रपति के पहले जारी कार्यक्रम में श्री नयना देवी जी मंदिर में दर्शन का कार्यक्रम शामिल था। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात की व्यापक तैयारियां भी शुरू कर दी थीं। यहां तक कि 6 अक्तूबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक की तैयारी की गई थी। मंदिर और एम्स कैंपस को सुरक्षा सेक्टरों में बांटा गया था। अब संशोधित कार्यक्रम में नयनादेवी दौरा रद्द होने के बाद राष्ट्रपति का बिलासपुर प्रवास मुख्य रूप से एम्स के दीक्षांत समारोह तक सीमित हो गया है। इससे कार्यक्रम का पूरा फोकस देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में शामिल हो रहे एम्स बिलासपुर के शैक्षणिक आयोजन पर रहेगा।
10:35 बजे लैंडिंग, 10 मिनट बाद दीक्षांत समारोह
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर सुबह 10:35 बजे एम्स बिलासपुर परिसर में लैंड करेगा। इसके बाद 10:45 बजे दीक्षांत समारोह शुरू होगा। करीब 50 मिनट के कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति 11:35 बजे बिलासपुर से आगे के कार्यक्रम के लिए रवाना होंगी। कार्यक्रम बदलने के बाद नयनादेवी क्षेत्र में राष्ट्रपति के लिए बनाई गई सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करनी होगी।
हालांकि, पहले से तैयार घागस और जबली का ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। घागस में सुबह 10 बजे के बाद यातायात को नियंत्रित और डायवर्ट किया जाएगा। प्रशासन का प्रयास है कि राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान आम यातायात पूरी तरह बाधित न हो।
यह भी पढ़ें: पहाड़ी आपदा का हल निकालने हिमाचल पहुंची केंद्र सरकार, CM सुक्खू ने बताई दिक्कत
AIIMS और रास्ते पर करीब 200 जवान संभालेंगे सुरक्षा
संशोधित कार्यक्रम के तहत अब एम्स परिसर और राष्ट्रपति के आवागमन वाले मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। करीब 200 पुलिस जवानों की तैनाती प्रस्तावित है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल रहेगा और राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। राष्ट्रपति 6 अक्तूबर को एम्स बिलासपुर के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मनाली के लिए रवाना होंगी। उपलब्ध संशोधित कार्यक्रम के अनुसार उनका मनाली प्रवास प्रस्तावित है और आठ अक्तूबर को वापसी का कार्यक्रम है।
राष्ट्रपति का प्रवास कार्यक्रम एक नजर में
-6 अक्तूबर को राष्ट्रपति का बिलासपुर दौरा
-नयनादेवी मंदिर जाने का कार्यक्रम रद्द
-सुबह 10:35 बजे एम्स में लैंडिंग
-10:45 बजे एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में शिरकत
-करीब 50 मिनट रहेगा समारोह
-इसके बाद मनाली के लिए रवाना होंगी
-एम्स और रूट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी