महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में बुधवार को भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। लगातार हो रही बारिश की वजह से सालों पुराना कचरे का विशाल पहाड़ अचानक खिसक गया और उसके नीचे एक प्रशासनिक इमारत दब गई। हादसे के समय इमारत में मौजूद कम से कम 16 कर्मचारियों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के समय इमारत के अंदर करीब 20 लोग मौजूद थे। इनमें से चार कर्मचारी समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि बाकी 16 लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटी हैं। अधिकारियों ने बताया कि मलबे में फंसे कुछ लोगों से संपर्क हो गया है, जिससे उम्मीद है कि उन्हें जल्द सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: 'बेटी जैसी मानता हूं...', डॉक्टर से मारपीट के आरोपों पर शिवसेना पार्षद की सफाई
बारिश से खिसका कचरे का पहाड़
पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम के आयुक्त विजय सूर्यवंशी ने बताया कि यह हादसा शहर के लेगेसी वेस्ट डंपिंग यार्ड में हुआ। यहां वर्षों से जमा कचरे का विशाल ढेर लगातार बारिश के कारण कमजोर पड़ गया और अचानक नीचे स्थित प्रशासनिक भवन पर आ गिरा। यह भवन एक निजी कंपनी का कार्यालय था, जो नगर निगम की ओर से वेस्ट प्रोसेसिंग का काम करती है। शुरुआती जांच में बारिश को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: पूर्व ARTO के घर से 13 किलो सोना, 20 करोड़ के जेवर और 1.62 करोड़ कैश बरामद
हादसे के तुरंत बाद NDRF, दमकल विभाग, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीमें मौके पर पहुंच गईं। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम जारी है। प्रशासन ने बताया कि बचाव अभियान में पूरी सावधानी बरती जा रही है ताकि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। मौके पर एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को भी तैनात किया गया है।