महाराष्ट्र के पुणे जिले के लोहगांव इलाके की कलवाड़ बस्ती में घरेलू विवाद के चलते एक महिला ने अपने नौ महीने के मासूम भतीजे के मुंह में सुपर ग्लू यानी फेविक्विक डाल दिया। इस घटना में बच्चे के होंठ आपस में बुरी तरह चिपक गए। उसे गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा। यह पूरी वारदात अल्ताफी नदीम शेख और उनकी पत्नी जैनब के परिवार में चल रही पुरानी रंजिश के कारण हुई। सानिया शेख नाम की महिला ने गुस्से में आकर इस घटना को अंजाम दिया।
मुंह में सुपर ग्लू जाते ही बच्चे की तबीयत अचानक खराब हो गई। बच्चा बेहाल होकर उल्टी करने लगा। बच्चे की मां जैनब ने देखा कि बेटे के होंठ आपस में चिपक चुके हैं। बच्चा दर्द से बहुत बुरी तरह तड़प रहा था। वह घबराकर तुरंत अपने पति अल्ताफ को साथ लेकर बच्चे के साथ बिना देर किए सीधा अस्पताल भागी।
यह भी पढ़ें: पुराने स्कूटर पर बकाया थे 10 लाख रुपये के 96 चालाना, पुलिस ने कर लिया जब्त
अस्पताल में इलाज
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बिना कोई वक्त गंवाए बच्चे को तुरंत इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में भर्ती कर लिया। समय पर सही इलाज मिलने की वजह से बच्चे की जान बच गई। पुलिस अधिकारी मनीषा पाटिल के निर्देश पर लोहगांव पुलिस ने अल्ताफी नदीम शेख की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि अब बच्चे की हालत पूरी तरह ठीक है।
यह भी पढ़ें: दतिया उपचुनाव में हार के बाद BJP ने जिला संगठन किया भंग, डैमेज कंट्रोल शुरू
आरोपियों की पहचान
पुलिस ने कलवाड़ बस्ती की सानिया शेख के साथ-साथ मुंबई के कांदिवाली में रहने वाले रियाज इमाम और हाजी मलंग को भी आरोपी बनाया है। जब बच्चे की मां जैनब ने सानिया से इस बारे में पूछा तो सानिया ने उसे बहुत बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद रियाज इमाम और हाजी मलंग भी सीधे अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने पीड़ित परिवार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया कि वे पुलिस में कोई शिकायत या केस न करें।