पंजाब में नशे का मुद्दा अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। पिछले हफ्ते नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जिसके बाद से राज्य की राजानीति में भूचाल आ गया है। परिवार और लोगों ने इंसाफ ना मिलने तक शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया है। वहीं, आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी पंजाब के मानसा पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिलेंगे। उनकी इस मुलाकात से पहले ही पंजाब सरकार ने इस मामले में
CBI
जांच की सिफारिश कर दी है लेकिन इसके बावजूद परिवार शव का अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार नहीं है।
सीएम भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, 'परिवार की मांग को स्वीकार करते हुए, हम यह केस CBI को सौंप रहे हैं। नशे के सौदागरों के खिलाफ हमारी लड़ाई आर-पार की है। पंजाब को नशा मुक्त करने के लिए हमें जो भी सख्त कदम उठाना पड़ा, हम पीछे नहीं हटेंगे।'
यह भी पढ़ें: चुनाव से पहले अखिलेश ने राजा भैया कैंप में मचाई हड़बड़ी! अब BJP अध्यक्ष भी मिले
परिवार ने क्या कहा?
परविंदर सिंह झोटा का परिवार इस मामले की जांच CBI को सौंपे जाने से भी संतुष्ट नहीं है। सीएम के ऐलान के बाद भी परिवार अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हुआ है। झोटा के पिता भीम सिंह ने कहा कि सीएम भगवंत मान और DGP गौरव यादव इस्तीफा दें। इसके बारे में वह गृहमंत्री अमित शाह से भी बात करेंगे।
बीजेपी ने बोला हमला
वहीं, भारतीय जनता पार्टी के नेता और अन्य विपक्षी नेता पंजाब सरकार पर हमला कर रहे हैं। राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने लिखा, 'गृह मंत्री अमित शाह जी के दौरे की आहट मिलते ही भगवंत मान की घबराहट साफ नजर आ रही है। जिस दर्दनाक हत्या को इन्होंने 'आपसी रंजिश' बताकर रफा-दफा करने की कोशिश की थी। आज उसी मामले में CBI जांच की सिफारिश कर दी। ये सीबीआई की सिफारिश नहीं है, ये भगवंत मान का अपनी कुर्सी बचाने का आखिरी दांव है।' पंजाब बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सोशल मीडिया पर लिखा कि बुहत देर कर दी भगवंत मान जी सीबीआई ऑर्डर करते-करते।
यह भी पढ़ें: 'रावण वाला वीडियो डाल दिया', AI वीडियो को लेकर BJP पर भड़के अखिलेश यादव
पंजाब पहुंचे अमित शाह
केद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अब पंजाब में फैले नशे के मामले को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं। वह आज पंजाब पहुंचे हैं और यहां पीड़ित परिवारों के साथ मुलाकात करेंगे। अमित शाह सबसे पहले गुरदासपुर जिले के बटाला स्थित मारी पनवां गांव पहुंचे, जहां वह बिक्रमजीत सिंह के परिवार से मुलाकात की। बिक्रमजीत की 15 अक्टूबर को कथित तौर पर अपने इलाके में मादक पदार्थों की बिक्री का विरोध करने के कारण हत्या कर दी गई थी। इसके बाद अमित शाह गुलजार सिंह के परिवार से मुलाकत करेंगे और शाम में मानसा पहुंचकर झोटा परिवार से मुलाकात करेंगे।