कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को पंजाब के बरनाला में एक रैली को संबोधित किया। इस रैली में उन्होंने अमेरिका के साथ ट्रेड डील और मनरेगा जैसे मुद्दों को लेकर पीएम मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। इसके साथ ही उन्होंने आने वाले विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब कांग्रेस में जारी गुटबाजी को लेकर नेताओं को मंच से ही चेतावनी दी। राहुल गांधी ने मंच से कहा कि सभी नेता टीम प्लेयर की तरह काम करें, जो लाइन में नहीं आएगा उसे रिजर्व खिलाड़ी बना दिया जाएगा।
राहुल गांधी ने पार्टी के अंदर गुटबाजी पर नेताओं को सख्त संदेश देते हुए कहा, 'मैं कांग्रेस पार्टी को मैसेज देना चाहता हूं कि काम टीम वर्क से होता है। एक प्लेयर मैच नहीं जीत सकता है,हमारे पास पूरी टीम बैठी है। मैं अपनी तरफ से और खड़गे जी की तरफ से आपको मैसेज देना चाहता हूं। टीम प्लेयर बनो नहीं तो हम रिजर्व में बैठा देंगे। चाहे आप कितने भी बड़े हो पार्टी से बड़ा कोई नहीं है, आप टीम प्लेयर बनो, नहीं बने तो फिर हम आपको ठीक कर देंगे, सभी सीनियर नेता ध्यान रखें।'
यह भी पढ़ें: दिल्ली की इन सड़कों पर आज रहेगा जाम, वर्ल्ड कप मैच के कारण एडवाइजरी जारी
2027 के लिए नेताओं को मैसेज
कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल पहले ही साफ कर चुके हैं कि 2027 में पार्टी किसी एक चेहरे पर चुनाव नहीं लड़ेगी। पंजाब कांग्रेस के कई नेता सीएम फेस की रेस में हैं। पार्टी में गुटबाजी इतनी ज्यादा हो गई थी कि दिल्ली में राहुल गांधी को बैठक कर नेताओं को समझाना पड़ा था। अब राहुल गांधी ने कल रैली में सख्त संदेश दे दिया है कि टीम प्लेयर बनो वरना पार्टी रिजर्व खिलाड़ी बना देगी। माना जा रहा है कि राहुल गांधी ने पार्टी में ऐसे नेताओं को सख्त संदेश दिया है जो अंदरखाने गुटबाजी करके खुद को सीएम फेस की तरह प्रोजेक्ट करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, पार्टी किसी एक चेहरे के साथ चुनावी मैदान में उतरने के मूड में दिखाई नहीं दे रही है।
क्या चन्नी को दिया संदेश?
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि रैली में चरनजीत सिंह चन्नी के समर्थक लगातार उनके पक्ष में नारेबाजी कर रहे थे। चरनजीत सिंह चन्नी पिछले काफी समय से चर्चा में बने हुए हैं और उनके कुछ बयानों के कारण पार्टी की दिक्कतें भी बढ़ गई थीं। ऐसे में बरनाला रैली में भी उनके समर्थकों ने उनके पक्ष में नारेबाजी की। इसके बाद राहुल गांधी ने मंच से ही तमाम नेताओं को गुटबाजी के खिलाफ सख्त संदेश दे दिया। जब दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ राहुल गांधी ने मीटिंग की थी उस समय भी राहुल गांधी ने सभी सीनियर नेताओं को गुटबाजी से दूर रहने की सलाह दी थी। ऐसे में जानकारों का मानना है कि यह संदेश पूर्व सीएम चन्नी और उनके समर्थकों के लिए हो सकता है।
यह भी पढ़ें: 'अंकल, बस रोको बहन गिर गई', बस का फ्लोर टूटा, पहिए के नीचे आने से बच्ची की मौत
क्या बोले कांग्रेस नेता?
कांग्रेस नेता राणा गुरजीत भी कांग्रेस पार्टी से नाराज बताए जाते हैं। हालांकि, इस रैली में वह शामिल हुए। रैली के बाद मीडिया ने उनसे राहुल गांधी के रिजर्व प्लेयर वाले बयान को पूर्व सीएम चन्नी के समर्थन में हो रही नारेबाजी से जोड़कर सवाल किया। इस पर राणा गुरजीत ने कहा, 'बहुत अच्छा मैसेज है। मैं इसका स्वागत करता हूं और इसका असर भी आप लोग देखेंगे।' क्या राहुल गांधी ने चरनजीत सिंह चन्नी को चेतावनी दी इस पर राणा गुरजीत ने कहा, 'आप किसी बात का गलत मतलब नहीं निकालें। चन्नी साहब के समर्थन में अगर नारेबाजी हुई तो इसमें कुछ गलत नहीं है। चन्नी कौन हैं? राहुल जी के ही हैं चतो राहुल जी को खुशी होगी या नहीं। इसको आप गलत तरफ ना लेकर जाएं।'