पंजाब के मानसा जिले के बुढलाड़ा में पंजाब पुलिस के एक ASI चिट्टे के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया है। लोगों का दावा है कि उन्होंने ASI सहजप्रीत सिंह को सरेआम चिट्टा यानी हेरोइन का नशा करते हुए पकड़ा। लोगों ने पुलिसकर्मी को बीच बाजार घेर लिया। इस दौरान कुछ युवकों ने उसको पकड़कर उसकी जेब से कुछ सामान भी निकालकर दिखाया। उनका दावा है कि यह चिट्टा है लेकिन ASI ने कहा कि वह ट्रेनिंग पर आए हैं और उन्होंने कोई नशा नहीं किया है। इस माामले में अब पंजाब पुलिस ने शिकायत दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ और परविंदर सिंह झोटा को न्याया दिलाने के लिए लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और पुलिस पर लोग पहले ही आरोप लगा रहे हैं। ऐसे में ड्यूटी पर आए पुलिसकर्मी के नशा करने की खबर आग की तरह फैल गई। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और गुस्साए लोगों ने आरोपी पुलिसकर्मी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: 1 नवंबर को दक्षिण भारत को मिलेगी पहली स्लीपर वंदे भारत, जानिए क्या रहेगा खास?
डोप टेस्ट में क्या हुआ?
बतयाा जा रहा है कि सुबह करीब 11 बजे कुछ युवकों ने ASI सहजप्रीत सिंह को सरेआम चिट्टे का सेवन करते हुए पकड़ लिया। आरोपी पुलिसकर्मी अपने बचाव में कुछ सबूत नहीं दे पा रहा था और लोगों ने उसकी तलाशी लेना शुरू कर दिया। वह लोगों की पकड़ से निकलकर जाने की कोशिश कर रहा था लेकिन लोगों ने उसे वहीं जमीन पर पकड़कर बैठा लिया।
इस घटना के विरोध में लोगों ने ASI के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों के विरोध के बाद बुढलाडा पुलिस ने सहजप्रीत का डोप टेस्ट कराया। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसके नशे करने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ NDPS एक्ट के साथ-साथ अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
पुलिस ने क्या बताया?
इस मामले पर SP नरेंद्र सिंह ने बताया कि सहजप्रीत जहान खेलां में ट्रेनिंग कर रहा था और उसकी ड्यूटी बुढलाडा में लगाई गई थी। इसी दौरान लोगों ने सहजप्रीत को नशा करते हुए पकड़ लिया। डोप टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद थाना बुढलाडा में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: 'तीसरी बार सरकार बनी तो लागू होगा UCC', यूपी में अमित शाह का बड़ा दांव
पंजाब में हो रहा बवाल
पंजाब में नशे का मुद्दा आज के समय सबसे बड़ा मुद्दा बन गया है। लोग अब पुलिस की भूमिका पर ही सवाल उठा रहे हैं और ऐसे में इस मामले के सामने आने के बाद लोगों का गुस्सा और ज्यादा बढ़ गया। लोगों ने कई घंटे तक इलाके में प्रदर्शन किया। इसके अलावा परविदंर सिंह झोटा को न्याय दिलाने के लिए पहले से ही मानसा में प्रदर्शन चल रहा है।