पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दल स्थानीय निकाय चुनाव के लिए तैयार हैं। चुनाव अयोग ने निकाय चुनावों की घोषणा भी कर दी है और 26 मई को वोटिंग होगी। पंजाब की नगर निगम, 76 नगर काउंसिल और 21 नगर पंचायतों का प्रतिनिधित्व कौन करेगा इसकी घोषणा 29 मई को हो जाएगी। सभी राजनीतिक दल इस मुकाबले में पूरी तैयारी के साथ उतर चुके हैं और 2027 विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे यह चुनाव तमाम राजनीतिक दलों के लिए सेमीफाइल की तरह हैं।
चुनाव आयोग की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, नॉमिनेशन की प्रक्रिया 13 मई से शुरू होकर 16 मई तक चलेगी और उम्मीदवार को चुनाव अधिकारी के ऑफिस में जाकर सुहह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच आवेदन करना होगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजकमल चौधरी ने बताया कि इसके अलावा 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों के लिए चुनाव होंगे, जिससे 105 नगर निकायों के अंतर्गत कुल 2,019 वार्ड में मतदान होगा। इन चुनावों में पंजाब के 36 लाख से ज्यादा मतदाता मतदान करेंगे।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में तरबूज खाने के बाद एक बच्चे की मौत, तीन बीमार
पार्टियां तैयार
इन चुनावों को लेकर पंजाब में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, बीजेपी और शिरोमणी अकाली दल ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके साथ ही चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे कार्यकर्ताओं और लोगों ने भी अपनी कमर कस ली है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में राजनीतिक हलचल तेज है। इसके साथ ही राजनीतिक दल एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
अपने चुनाव चिह्न पर लड़ सकेंगे चुनाव
चुनाव आयुक्त ने कहा कि पार्टी निशान पर भी इलेक्शन लड़े जा सकेंगे। इसके लिए चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों को सूचित कर दिया है। इसके लिए उम्मीदवार को नामांकन पत्र के साथ ही एफिडेविट भी देना होगा। चुनाव आयोग पार्टी के उम्मीदवारों और अन्य उम्मीदवारों के बारे में जानकारी ऑनलाइन अपलोड करेगा।
अकाली दल अपने चुनाव निशान पर लड़ेगा
पंजाब में अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाश रहा शिरोमणि अकाली दल इन चुनावों को गंभीरता से ले रहा है। पार्टी ने तय किया है कि उनकी पार्टी इस बार सभी निकायों में अपने चुनाव चिह्न पर उम्मीदवार उतारेगी। पार्टी प्रधान सुखबीर बादल ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव के लिए पार्टी पूरी तरह से तैयार है। शिरोमणि अकाली दल सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगा और अपने चुनाव निशान पर लड़ेगा।'
कांग्रेस भी तैयार
पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने इन चुनावों की घोषणा का स्वागत किया और साथ में अधिकारियों को चेतावनी भी दे दी। उन्होंने कहा, 'हमें पूरा भरोसा है कि हम पूरे राज्य में इन चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। साथ ही, हम आयोग से यह उम्मीद करते हैं कि वह निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करे। स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर हमारा पिछला अनुभव अच्छा नहीं रहा है, जिसमें स्थानीय प्रशासन और पुलिस सत्ताधारी पार्टी के इशारों पर काम करते रहे हैं।' उन्होंने साफ लिखा कि यह 2026 है और करीब 9 महीने बाद राज्य में कांग्रेस की सरकार बनेगी। अधिकारियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि हम ना तो कुछ भूलेंगे और ना ही किसी को माफ करेंगे।
राजा वड़िंग ने लिखा, 'पुलिस और प्रशासन, दोनों ही विभागों के सभी अधिकारियों को हमारी यह सलाह है कि वे बिना किसी डर या पक्षपात के, पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपना कर्तव्य निभाएं। मौजूदा सरकार के पतन की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है और ये नगरपालिका चुनाव उसके ताबूत में आखिरी कील साबित होंगे।'
2027 का सेमीफाइनल
पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होंगे और उससे पहले 100 से ज्यादा स्थानीय निकाय की सीटों पर हो रहे चुनाव से सभी राजनीतिक दल अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। आम आदमी पार्टी के सामने बड़ी चुनौती है कि वह पिछले निकाय चुनावों की तरह ही इन चुनावों में भी प्रदर्शन करे। जिन 9 नगर पालिकाओं में चुनाव होगा उनमें अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भी पार्टियों पर असर पड़ेगा।