पंजाब में दिवाली की शाम पहलवान मनी की मौत हो गई। मनी कपूरथला में अपने घर के बाहर पटाखे फोड़ रहे थे। तभी कुछ आरोपी उनके पास आए और गोली मारकर फरार हो गए। परिवार ने मनी को अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना से परिवार समेत पूरे इलाके में मातम छा गया। मनी के परिवार ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई।
मनी अपने परिवार के साथ मेहताबगढ़ में रहते थे। दिवाली की शाम लगभग 7:30 बजे वह पटाखे फोड़ रहे थे, तभी उन्हें गोली लगी। मनी के पिता बग्गा ने बताया कि कुछ महीने पहले ही मनी की शादी हुई थी। जानकारी के लिए बता दें कि मनी सिर्फ 27 साल के थे। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है। अब तक आरोपी नहीं मिल पाए हैं।
यह भी पढ़ें: मेरठ में BJP नेता और उनकी बेटी को सरेआम पीटा, देखती रह गई पुलिस
सीने पर मारी गोली
पुलिस की शुरुआती जांच-पड़ताल के मुताबिक, आरोपियों ने मनी के सीने पर गोली मारी थी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गए। मनी के परिवार वाले उन्हें सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस शिकायत में बग्गा ने बताया कि मनी की किसी से दुश्मनी नहीं थी। कुछ अज्ञात युवकों ने मनी पर गोली चलाई थी।
मनी के परिवार वालों ने बताया कि कुछ महीने पहले ही मनी की शादी हुई थी। मनी की पत्नी बेगोवाल की रहने वाली हैं। उनकी चार बहनें हैं। मनी की मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
यह भी पढ़ें: मिठाई दुकान का नंबर बदलकर ग्राहकों को ठगा, एडवांस पेमेंट के नाम पर ऐंठे रुपये
क्या बोली पुलिस?
इस मामले को लेकर डीएसपी शीतल सिंह ने बताया कि जैसे ही उन्हें गोलीबारी के बारे में पता चला, पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। वहां पुलिस को पता चला कि गोली लगने की वजह से ही मनी की मौत हुई थी। इसके अलावा शीतल सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार का बयान दर्ज कर लिया गया है। इसके बाद पुलिस टीम इस बात की तहकीकात में जुटी है कि आरोपियों ने मनी पर किस वजह से गोली चलाई थी।