जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने हिंदुओं को मुसलमानों से सीख लेने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि मुसलमान किसी भी राजनीतिक दल में हों, लेकिन उनके लिए इस्लाम प्राथमिकता है। इसी तरह हिंदुओं को भी राजनीतिक दलों से ऊपर उठकर पहले अपनी धार्मिक पहचान और सनातन को प्राथमिकता देनी चाहिए। रघुराज प्रताप सिंह ने कहा कि हिंदुओं को किसी राजनीतिक दल में बंधकर नहीं रहना चाहिए। राजनीतिक दल आते-जाते रहते हैं, लेकिन ईश्वर, धर्म और सनातन के प्रति आस्था मजबूत होनी चाहिए। उन्होंने हिंदुओं से एकजुट और मुखर रहने की भी अपील की।
रघुराज प्रताप सिंह ने कहा कि बहुत से मुस्लिम कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और दूसरे राजनीतिक दलों में हैं। कुछ लोग वामपंथी विचारधारा से भी जुड़े हैं, लेकिन उनके लिए इस्लाम प्राथमिकता है। हिंदुओं को भी इसी तरह अपनी धार्मिक पहचान को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदू किसी दल के अंदर बंधकर न रहें। राजा भैया ने कहा कि बात जब हिंदुत्व की आए तो उन्हें यह सोचना चाहिए कि हम हिंदू पहले हैं। उन्होंने कहा कि बाकी राजनीतिक दल तो आते-जाते रहते हैं लेकिन धर्म हमेशा रहता है।
यह भी पढ़ें: एक मंच, एक सोफा और तीन सियासी चेहरे, बिहार की राजनीति में क्यों मची चर्चा?
सॉफ्ट और हार्ड हिंदुत्व पर क्या बोले?
रघुराज प्रताप सिंह ने कहा कि ईश्वर, धर्म और सनातन के प्रति हमारी आस्था ठोस, प्रखर और मुखर होनी चाहिए। जब उनसे पूछा गया कि हिंदुत्व के मुद्दे पर अलग-अलग राजनीतिक दलों की अलग-अलग सोच है और कोई सॉफ्ट तो कोई हार्ड हिंदुत्व की बात करता है, तो उन्होंने कहा कि ईश्वर से कुछ छिपा नहीं है। रघुराज प्रताप सिंह ने कहा, 'ईश्वर का CCTV कैमरा बाहर का ही नहीं, अंदर का भी चित्र कैप्चर करता है। उनसे कुछ छिपा नहीं है। जहां तक हमारी बात है, इस विषय में आप कुछ पूछ सकते हैं। वह हमारे अंदर भी हैं और बाहर भी हैं।'
यह भी पढ़ें: अमेरिका: न्यूयॉर्क में 3 मंजिला इमारत ढही, 8 की मौत; CCTV में खौफनाक मंजर कैद
राजनीतिक दलों पर हिंदुओं को बांटने का आरोप
रघुराज प्रताप सिंह ने किसी राजनीतिक दल का नाम लिए बिना कहा कि कुछ अपवादों को छोड़कर हर राजनीतिक दल नहीं चाहता कि हिंदुओं में एकता और एकजुटता हो। जब उनसे पूछा गया कि वह किन राजनीतिक दलों की बात कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा, "यह आपके लिए शोध का विषय है। उनका नाम लेकर हम उनका महत्व नहीं बढ़ाना चाहते। लेकिन सच्चाई यही है।'