उत्तर प्रदेश के कुंडा सीट से विधायक राघुराज प्रताप सिंह पर उनकी पत्नी भानवी सिंह ने आरोप लगाए हैं कि उनके पास विदेशी हथियारों का जखीरा है। PMO में उन्होंने शिकायत से संबंधित सबूत भी पेश किए हैं।
रघुराज प्रताप सिंह और उनकी पत्नी भानवी कुमारी सिंह: Photo Credit: Social Media
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की कुंडा सीट से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी कुमारी सिंह ने एक बार फिर उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने 3 जून 2025 को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में खुद पेश होकर अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। भानवी सिंह का आरोप है कि राजा भैया के पास अवैध और खतरनाक विदेशी हथियारों का जखीरा है, जिनमें नाटो ग्रेड की जिगाना पिस्टल, ऑटोमैटिक असॉल्ट राइफल्स और कई अन्य हथियार शामिल हैं।
रघुराज प्रताप सिंह और उनकी पत्नी के तलाक का केस दिल्ली की फैमिली कोर्ट में चल रहा है। रघुराज प्रताप सिंह ने नवंबर 2022 में तलाक को लेकर दिल्ली की कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी। उन्होंने पत्नी पर घर छोड़कर जाने का आरोप लगाया था। उन्होंने अपनी याचिका में यह भी कहा था कि भानवी ने उनके परिवार के लोगों पर कई गलत आरोप लगाए हैं और उन्हें मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया है।
भानवी सिंह ने अपनी शिकायत के साथ कुछ वीडियो और तस्वीरें भी सबूत के रूप में PMO को दी हैं, जिनमें ये हथियार कथित तौर पर दिखाई दे रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद पीएमओ ने मामला गृह मंत्रालय को भेज दिया था। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए गृह मंत्रालय ने 3 सितंबर 2025 को आंतरिक सुरक्षा विभाग को जांच के आदेश दिए और यूपी के गृह सचिव से रिपोर्ट मांगी है।
भानवी सिंह का कहना है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाए थे कि एक बार राजा भैया ने कमरे के अंदर गोली चलाई थी, जिसमें उनकी बेटी बाल-बाल बची। वह इस मामले की शिकायत पहले ही CBI को भी कर चुकी हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि उनके अपने लाइसेंसी हथियार भी राजा भैया ने जबरन छीन लिए हैं। उनका कहना है कि ये हथियार आम लोगों की सुरक्षा और देश की शांति के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं। उन्होंने सरकार और प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि यह सिर्फ पारिवारिक विवाद नहीं है, बल्कि देश की आंतरिक सुरक्षा का मामला है, इसलिए इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए।