मध्य प्रदेश के इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या ने पूरे देश को चौंका दिया था। इस मामले में उनकी पत्नी सोनम को मुख्य आरोपी बनाया गया है। होलिका दहन के अवसर पर राजा के परिवार ने सोनम की शादी में पहनी गई साड़ियों को आग में जलाकर अपना दुख और गुस्सा जाहिर किया। राजा की मां ने कहा कि वह सोनम से जुड़ी हर याद को अपने घर से मिटा देना चाहते हैं क्योंकि उनका मानना है कि उसने उनके परिवार की खुशियां छीन लीं।
जानकारी के अनुसार, साल 2025 में राजा रघुवंशी अपनी पत्नी सोनम के साथ मेघालय हनीमून पर गए थे। वहीं उनकी हत्या कर दी गई। इस मामले में सोनम सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में सुनवाई चल रही है और सोनम को इस केस का मुख्य आरोपी माना गया है।
यह भी पढ़ें: सलीम वास्तिक केस: दूसरा आरोपी भी एनकाउंटर में ढेर, तीन दिन में दोनों मारे गए
बुराई का अंत
राजा की मां उमा रघुवंशी आज भी बेटे को याद कर भावुक हो जाती हैं। उन्होंने बताया कि होलिका दहन का त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है और उनके लिए सोनम ही वह बुराई है। परिवार ने विशेष रूप से उस साड़ी को आग के हवाले किया जो सोनम ने शादी के फेरों के वक्त पहनी थी। उनका मानना है कि इन कड़वी यादों को जला देने से उन्हें कुछ हद तक मानसिक शांति मिलेगी।
पिछली होली की यादें और सन्नाटा
परिवार ने याद किया कि पिछली होली पर राजा बहुत खुश था। सोनम ने खुद उसे रंग लगाने के लिए बुलाया था और पूरे घर में जश्न का माहौल था। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि साल भर के भीतर ही बहू ही हत्या के आरोप में जेल चली जाएगी। होलिका दहन के दौरान परिवार ने राजा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की।
परिवार का विरोध
यह पहली बार नहीं है जब परिवार ने अपना विरोध दर्ज कराया है। इससे पहले दशहरे के मौके पर भी परिजनों ने सोनम का पुतला बनाकर दहन किया था। मां उमा का कहना है कि उन्हें कानून पर पूरा भरोसा है कि सोनम को कड़ी सजा मिलेगी लेकिन वे अपने घर से उसकी हर याद को पूरी तरह मिटा देना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें: होलिका दहन में हथियार लहराते दिखे गोपाल मंडल! वायरल हुई Video, जांच शुरू
क्या था पूरा मामला?
यह मामला मई 2025 का है। इंदौर के बिजनेसमैन राजा रघुवंशी अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून मनाने मेघालय गए थे, जहां उनकी हत्या कर दी गई थी। जांच में पता चला कि यह हत्या सोची-समझी साजिश थी। पुलिस के मुताबिक, सोनम ने अपने एक परिचित राज कुशवाहा और तीन अन्य लोगों (विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी) के साथ मिलकर राजा को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया था।
कॉल रिकॉर्ड्स और ट्रैवल हिस्ट्री के आधार पर पुलिस ने खुलासा किया था कि ये सभी आरोपी वारदात के समय मेघालय में ही मौजूद थे। फिलहाल, इस मामले के सभी पांचों आरोपी जेल में हैं और कोर्ट में केस चल रहा है।