राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में 13 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा के साथ चार दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर यौन शोषण किए जाने का आरोप है। मामले में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों को जांच में लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, छात्रा 18 जून को अपने एक दोस्त से मिलने श्रीविजयनगर गई थी। देर रात वह श्रीगंगानगर पहुंची और घर जाने के लिए एक ई-रिक्शा चालक से मदद मांगी। आरोप है कि चालक उसे घर छोड़ने के बजाय एक होटल में ले गया। इसके बाद उसे कई होटलों में ले जाकर लगातार यौन शोषण किया गया। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने छात्रा को 22 जून को बरामद किया।
यह भी पढ़ें: सभी सिख MLA-मंत्री 29 जून को अकाल तख्त के सामने होंगे पेश, मगर क्यों?
चार होटल जांच के घेरे में
जांच के दौरान पुलिस को पहले तीन होटलों की जानकारी मिली थी लेकिन बाद में चौथे होटल का भी पता चला। चारों होटलों के रजिस्टर, किराये के रिकॉर्ड और CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि होटल प्रबंधन की इस मामले में क्या भूमिका थी। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि पीड़िता को नशीला पदार्थ या शराब तो नहीं दी गई थी।
पुलिस ने पीड़िता के बयान और शुरुआती जांच के आधार पर अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक होटल मालिक, होटल मैनेजर, ई-रिक्शा चालक और अन्य आरोपी शामिल हैं। एक होटल को सील कर दिया गया है, जबकि बाकी होटलों के संचालकों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है।
यह भी पढ़ें: 'CM ऑफिस तक जुड़े हैं तार', रिशु श्री घोटाले पर तेजस्वी यादव का आरोप
मोबाइल और CCTV फुटेज से जुटाए जा रहे सबूत
जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल फोन और चारों होटलों के DVR जब्त कर लिए गए हैं। विशेषज्ञों की टीम CCTV फुटेज और डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की सुरक्षा, इलाज और पुनर्वास उनकी प्राथमिकता है। वहीं, घटना के विरोध में स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।