logo

मूड

ट्रेंडिंग:

राजस्थान पंचायत चुनाव में बड़ा उलटफेर, बीजेपी पिछड़ी; कांग्रेस ने मारी बाजी

राजस्थान पंचायत चुनाव में 20 नवंबर को 37 जिलों की 8,818 सीटों पर मतगणना हुई। पंचायत समिति और जिला परिषद के नतीजों में कांग्रेस ने BJP से बढ़त बनाई। चार जिलों की 830 सीटों पर 17 दिसंबर को मतगणना होगी।

Rajasthan Panchayat Chunav

प्रतीकात्मक तस्वीर। (AI-generated image)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

राजस्थान के पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस ने BJP से बढ़त बना ली है। प्रदेश की कुल 9,648 सीटों पर चुनाव हुए हैं। इनमें 1,403 जिला परिषद और 8,245 पंचायत समिति की सीटें शामिल हैं। फिलहाल 37 जिलों की 8,818 सीटों पर मतगणना हो रही है। बाकी चार जिलों की 830 सीटों के नतीजे 17 दिसंबर को घोषित होंगे। 20 नवंबर की शाम 5 बजे तक घोषित नतीजों में कांग्रेस ने पंचायत समिति की 2,990 और जिला परिषद की 143 सीटें जीत ली थीं। BJP को इन दोनों में क्रमशः 1,795 और 83 सीटें मिली थीं।

 

इन चुनावों में कई बड़े नेताओं के परिवारों की प्रतिष्ठा भी दांव पर थी। कहीं मंत्री के परिवार को हार मिली तो कहीं सांसद और विधायकों के रिश्तेदार चुनाव जीतने में कामयाब रहे। जयपुर और जोधपुर जैसे जिलों में भी कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया है। वहीं, कुछ जगहों पर RLP और निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।

पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस को बड़ी बढ़त

राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार पंचायत समिति की 6,050 घोषित सीटों में कांग्रेस ने 2,990 पर जीत दर्ज की है। BJP के खाते में 1,795 सीटें गई हैं। निर्दलीय उम्मीदवारों ने 516 सीटें जीती हैं। वहीं, RLP को 438 और BAP को 215 सीटें मिली हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'अब मारकर दिखा', सुखजिंदर रंधावा के लिए कैप्टन अमरिंदर ने गैंगस्टर को दी चुनौती

 

इसके अलावा CPI(M) ने 50, BSP ने 44 और AAP ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की है। जिला परिषद की 239 घोषित सीटों में कांग्रेस ने 143 और BJP ने 83 सीटें जीती हैं। निर्दलीयों को 5, RLP को 4, CPI(M) को 3 और BSP को 1 सीट मिली है।

जयपुर में 22 पंचायत समितियों में कांग्रेस का प्रदर्शन

जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों के नतीजों में कांग्रेस ने कई जगह बढ़त बनाई है। शुरुआती नतीजों में कांग्रेस 14 पंचायत समितियों में बहुमत की स्थिति में रही। BJP को चौमूं और सांभरलेक में बहुमत मिला। सांगानेर में RLP ने बढ़त बनाई।

 

अमरसर, जालसू, मौजमाबाद, रामपुरा डाबरी और दूदू में किसी एक पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। ऐसे में इन जगहों पर निर्दलीय और दूसरे दलों के उम्मीदवारों की भूमिका अहम हो सकती है। जोधपुर जिले की 23 पंचायत समितियों में कांग्रेस ने 14 में बहुमत हासिल किया। BJP किसी भी पंचायत समिति में बहुमत तक नहीं पहुंच सकी। RLP ने 3 पंचायत समितियों में जीत दर्ज की। वहीं, 6 पंचायत समितियों में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला।

मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार को बड़ा झटका

इन चुनावों में सबसे ज्यादा चर्चा शहरी विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार की हार को लेकर रही। उनकी पत्नी शांति देवी और दोनों बेटे दुर्गा सिंह खर्रा और अजय सिंह चुनाव हार गए। उनके छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा को भी जिला परिषद के वार्ड-23 से हार का सामना करना पड़ा।

 

कठूमर विधायक रमेश खींची की दो बहुएं दीपिका और बिंदू भी चुनाव नहीं जीत सकीं। दौसा जिले की सिकंदरा पंचायत समिति के वार्ड-13 से IAS सुमेर सिंह गुर्जर की पत्नी पिंकी गुर्जर को भी हार मिली।

 

यह भी पढ़ें: 'सौ चूहे खाकर बीजेपी हज को चली', हंगामे के बीच बोले CM सुखविंदर सुक्खू 

पोपटलाल की 15वीं चुनावी हार

बालोतरा जिले की सिवाना पंचायत समिति के वार्ड-9 से RLP उम्मीदवार पोपटलाल को भी हार मिली। उन्हें सिर्फ 35 वोट मिले और वे तीसरे स्थान पर रहे। यह उनकी 15वीं चुनावी हार बताई जा रही है। पोपटलाल अब तक चार बार लोकसभा, चार बार विधानसभा, पांच बार सरपंच और एक बार जिला परिषद का चुनाव लड़ चुके हैं।

 

साल 2009 में उन्होंने BSP के टिकट पर लोकसभा चुनाव भी लड़ा था। उस चुनाव में वे तीसरे नंबर पर रहे थे। इस बार उनकी पत्नी गीता देवी ने भी निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें भी जीत नहीं मिली।

बड़े नेताओं के परिवारों में कहीं खुशी, कहीं निराशा

इन चुनावों में कई नेताओं के परिवारों के सदस्यों ने जीत दर्ज की। सांसद हनुमान बेनीवाल की बहन दाखू देवी, कांग्रेस नेता धीरज गुर्जर की मां सीता देवी और विधायक शंकरलाल डेचा की बेटी शांति डेंडोर चुनाव जीतने वाले प्रमुख चेहरों में शामिल रहीं। इसके अलावा विधायक भैराराम सियोल के बेटे आकाशदीप, विधायक पूसाराम गोदारा की बहू रितू गोदारा और पूर्व मंत्री खेमराज कटारा के बेटे विवेक कटारा ने भी जीत दर्ज की।

 

वहीं मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के अलावा विधायक अजय सिंह किलक की भाभी मनदीप चौधरी, सांसद संजना जाटव के जेठ श्रीनिवास जाटव, विधायक रमेश खींची की बहू दीपिका खींची और पूर्व मंत्री शंभूसिंह खेतासर की पत्नी बदन कंवर को हार का सामना करना पड़ा।

चार जिलों में 17 दिसंबर को होगी मतगणना

राजस्थान के 41 जिलों में चार चरणों में मतदान कराया गया था। वोटिंग 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर, 3 नवंबर और 14 नवंबर को हुई थी। शुक्रवार सुबह 8 बजे से 37 जिलों में मतगणना शुरू हुई। सबसे पहले पोस्टल बैलेट गिने गए। इसके बाद EVM के वोटों की गिनती हुई।

 

कोटा, बारां, श्रीगंगानगर और करौली में मतगणना 17 दिसंबर को होगी। इन चार जिलों में 128 जिला परिषद और 702 पंचायत समिति सीटें हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार इन जिलों में मौजूदा जिला परिषद और पंचायत समितियों का कार्यकाल अगले महीने खत्म हो रहा है। इसी वजह से यहां मतगणना की तारीख आगे रखी गई है।


और पढ़ें