logo

मूड

ट्रेंडिंग:

SGPGI के डॉक्टरों का कमाल, पैर का अंगूठा हाथ में लगाकर बचाया मरीज का हाथ

लखनऊ PGI के डॉक्टरों ने एक लड़के के पैर का अंगूठा काटकर उसके हाथ में लगा दिया है। करीब 10 घंटे चली इस सर्जरी के बाद मरीज का हाथ सही से काम कर रहा है।

Representative Image

प्रतीकात्मक तस्वीर, AI Generated Image

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SGPGI) के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने एक बेहद जटिल ऑपरेशन कर 19 साल के लड़के को नया जीवन दिया है। सड़क दुर्घटना में अपने दाहिने हाथ का अंगूठा गंवा चुके इस मरीज के बाएं पैर का अंगूठा निकालकर उसके हाथ में ट्रांसप्लांट किया गया। लगभग 10 घंटे तक चले इस ऑपरेशन के बाद मरीज के हाथ की ताकत वापस आ गई है। वह बिना किसी सहारे के आराम से चल पा रहा है।

 

संस्थान के डॉक्टरों का दावा है कि PGI में पहली बार पैर के अंगूठे को हाथ में लगाने की ऐसी सफल सर्जरी की गई है। ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की टीम ने हड्डी, मांसपेशियों, खून की नलियों और नसों को आपस में जोड़ा। मरीज की हालत में सुधार देखकर डॉक्टरों ने उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी है।

 

यह भी पढ़ें: दरभंगा में करोड़ों की चांदी लूटकांड का खुलासा, 5 गिरफ्तार; 62 किलो चांदी बरामद

सड़क हादसे में गवां दिया था अंगूठा

प्लास्टिक सर्जन डॉ. राजीव कुमार भारती के मुताबिक, 17 मार्च 2026 को हुए एक सड़क हादसे में इस युवक के दाहिने हाथ का अंगूठा कटकर अलग हो गया था। साथ ही हाथ की दो हड्डियां भी टूट गई थीं। हादसे के तुरंत बाद दूसरे अस्पताल के डॉक्टरों ने कटे हुए हिस्से को बंद करके हड्डियों को जोड़ने का इलाज किया लेकिन अंगूठा न होने के कारण युवक अपना  काम नहीं कर पा रहा था। डॉक्टरों का कहना है कि हमारे हाथ के कामकाज में अकेले अंगूठे का योगदान करीब 40 फीसदी होता है। इसके न होने से मरीज मानसिक रूप से भी काफी परेशान रहने लगा था।

कैसे हुआ ऑपरेशन?

जब मरीज PGI पहुंचा तो डॉक्टरों ने जांच के बाद मरीज और उसके परिवार से बातचीत कर काउंसलिंग की। इसके बाद बाएं पैर के अंगूठे को छोटा करके हाथ में लगाने की योजना बनाई गई। 30 सितंबर को मरीज को एनेस्थीसिया देकर ऑपरेशन शुरू किया गया। डॉक्टरों की एक टीम ने हाथ में अंगूठा जोड़ने की जगह तैयार की, वहीं दूसरी टीम ने पैर के अंगूठे को उसकी नसों, धमनियों और टेंडन के साथ सुरक्षित अलग किया। पैर के अंगूठे को हाथ की बची हुई हड्डी से बांधा गया और फिर खून की नलियों व नसों को जोड़कर ब्लड सर्कुलेशन शुरू किया गया।

 

सर्जरी के बाद मरीज को निगरानी में रखा गया। अब ट्रांसप्लांटेंड अंगूठा पूरी तरह काम कर रहा है और मरीज के पैर की उंगलियां भी ठीक हैं। इससे वह बिना किसी की मदद के चल फिर पा रहा है। PGI के निदेशक डॉ. आरके धीमन ने इस बड़ी कामयाबी पर पूरी मेडिकल टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता संस्थान में एक समर्पित 'हैंड ट्रांसप्लांट यूनिट' शुरू करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। 

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल में हजारों ने देखा पत्थरों का खेल, अस्पताल में रातभर भटकती रही मां

ऑपरेशन में शामिल विशेषज्ञ टीम

इस ऑपरेशन को अंजाम देने में प्लास्टिक सर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग की संयुक्त टीम का योगदान रहा। प्लास्टिक सर्जरी विभाग से डॉ. अंकुर भटनागर, डॉ. राजीव कुमार भारती, डॉ. निखिलेश कुमार और रेजिडेंट डॉक्टर (डॉ. आइना, डॉ. सुरभि, डॉ. जूही, डॉ. झिलिक, डॉ. शताक्षी, डॉ. प्रज्ञा) शामिल थे। वहीं एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. आशीष कनौजिया और रेजिडेंट डॉक्टर (डॉ. शिखा, डॉ. अंजलि, डॉ. हर्ष)। इसके अलावा ओटी स्टाफ से संजीव, सोनी, रितु, बसंत और पवन।

Related Topic:#Uttar Pradesh

और पढ़ें