गुरुवार को दिल्ली के जैतपुर-कालिंदी कुंज रोड पर पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद रोहित गोदारा-गोल्डी बरार-विरेंद्र चरण गैंग के दो शूटरों को गिरफ्तार किया गया। ये शूटर मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी की हत्या करने की साजिश रच रहे थे। गिरफ्तार किए गए शूटरों के नाम राहुल और साहिल हैं, जो हरियाणा के पानीपत और भिवानी के रहने वाले हैं।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, गैंगस्टर रोहित गोदारा और गोल्डी बरार ने मुनव्वर फारुकी को हिंदू देवी-देवताओं पर मजाक करने की वजह से निशाना बनाया था। पुलिस की काउंटर-इंटेलिजेंस यूनिट ने इस साजिश को नाकाम कर दिया और दिल्ली में दोनों शूटरों को पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें: लड़के ने YouTube से हैकिंग सीखी, रिलीज से पहले 120 फिल्में चुरा ली
पहले भी हुई थी रेकी
पूछताछ में राहुल और साहिल ने खुलासा किया कि वे गोदारा और बरार के आदेश पर मुनव्वर को मारने के लिए दिल्ली आए थे। दोनों ने पहले मुंबई और बेंगलुरु में मुनव्वर की रेकी की थी। बेंगलुरु में उन्होंने हमला करने की कोशिश भी की थी, लेकिन मुनव्वर के गाड़ी बदलने की वजह से यह योजना नाकाम रही।
33 साल के मुनव्वर फारुकी 2024 में रियलिटी शो बिग बॉस के विजेता रह चुके हैं और उनके इंस्टाग्राम पर 14.2 मिलियन फॉलोअर्स हैं। मुनव्वर पहले भी हिंदू देवी-देवताओं पर मजाक को लेकर विवादों में रह चुके हैं। 2021 में, मध्य प्रदेश में उन पर नफरत फैलाने वाले भाषण का आरोप लगा था और उन्हें एक महीने से ज्यादा जेल में रहना पड़ा था। बाद में उन्हें जमानत मिली थी। 2024 में, मुंबई पुलिस ने एक अवैध हुक्का बार पर छापा मारने के दौरान उन्हें हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया।
हथियार मोटर साइकिल बरामद
राहुल, जो इस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुआ, हरियाणा के यमुनानगर में दिसंबर 2024 में हुई तिहरे हत्याकांड में वांछित था। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मुठभेड़ में इस्तेमाल किए गए हथियार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
यह भी पढ़ें: OBC कोटे पर हलफनामा, MP सरकार 'एंटी-हिंदू विवाद' में क्यों घिर गई?
पुलिस इस मामले की आगे जांच कर रही है और मुनव्वर फारुकी की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरत रही है।