मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी ने भारतीय जनता पार्टी के नेता शक्ति सिंह को अपना छोटा भाई बताया है। अब्बास अंसारी ने कहा है कि शक्ति सिंह के पिता विद्यासागर सिंह के साथ अंसारी परिवार का पुराना रिश्ता रहा है। एक तरफ जहां अब्बास अंसारी का उनके प्रति रुख नरम है, शक्ति सिंह ने अब्बास अंसारी को सियासी तेवर दिखाए हैं और कहा है कि वह माफिया परिवार का हिस्सा हैं।
मऊ सदर से सुहलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक अब्बास अंसारी, मुख्तार अंसारी के बेटे हैं। मुख्तार अंसारी पर गैंगस्टर और हत्या के कई मुकदमे दर्ज थे, उन पर आपराधिक पृष्ठभूमि से आने का ठप्पा लगा है। शक्ति सिंह ने अब्बास अंसारी के पिता का जिक्र करते हुए कहा कि वे लोग भी बोलेंगे जिन्हें विरासत में जेल मिली है।
यह भी पढ़ें: 'चाचा' और 'भइया' के झगड़े में कहां फंस गए अब्बास अंसारी?
अब्बास अंसारी ने शक्ति सिंह को भाई बताया
अब्बास अंसारी ने कहा था कि विद्यासागर सिंह और मुख्तार अंसारी परिवार के बीच पुराना संबंध रहा है। 1990 के दशक से लेकर 2019 तक संबंध रहे फिर अचानक सियासी रिश्तों में तल्खी आ गई। पारिवारिक संबंध आज भी कायम हैं। अब्बास अंसारी का कहना है कि अगर शक्ति सिंह उनके खिलाफ चुनाव लड़ते हैं तो इससे उन्हें राजनीतिक लाभ मिलेगा।
शक्ति सिंह लगातार अब्बास अंसारी और अंसारी के काम को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। उनका कहना है कि राजनीतिक तौर पर कई बार ऐसे हालत बन जाते हैं कि नेताओं को अलग-अलग परिस्थियों की वजह से एक-दूसरे पर सवाल उठाने पड़ते हैं। उन्होंने कहा, 'शक्ति भाई और परिवार दिल से हमारे साथ है। ऐसी ही परिस्थितियां उनके साथ है। दोष है तो सिर्फ और सिर्फ परिस्थिति का।'
यह भी पढ़ें: अब्बास अंसारी की विधानसभा सदस्यता बहाल, जारी किया गया आदेश
शक्ति सिंह को मुख्तार अंसारी का दौर क्यों याद आया?
शक्ति सिंह ने कहा, 'हमारा परिवार, हमारा कारोबार आज का नहीं है, दशकों पुराना है। और सिर्फ मऊ में नहीं है, इस देश के तमाम प्रदेशों में चलता है। जब मुख्तार अंसारी का यहां दौर चल रहा था, उस समय मऊ का जितना बजट हुआ करता था, उससे ज्यादा का काम हम लोग मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में किया करते थे।'
शक्ति सिंह:-
FCI का हमारा वेयरहाउस है उत्तर प्रदेश के। सबसे बड़ा आप बोल सकते हैं, गोदाम है। मुख्तार अंसारी एड़ी-चोटी का जोर लगा लिए। उस दौर में भी लेकिन हम लोग से लड़ नहीं पाए। FCI का गोदाम और FCI का टेंडर हम लोगों को मिला। हमेशा इन सभी तरीके के अराजक तत्वों से लड़कर हम लोग अपने आपको स्थापित किए हैं, कानून के दायरे में रहकर किए हैं।
शक्ति सिंह ने कहा, 'बात हमारी कंपनी की नहीं, मऊ जनपद नहीं, पूरे उत्तर प्रदेश में जो भी माफिया सिंडिकेट चलाता रहा है, उसको सीएम योगी ने मिट्टी में मिलाने का काम किया है। जो आदमी, जो व्यक्ति कानून के दायरे में रहकर अपनी कंपनी, अपना व्यवसाय चलाता रहा है, उन सभी लोगों के लिए पूर्णतः सरकार का समर्थन है।'
कौन हैं शक्ति सिंह?
शक्ति सिंह, विद्यासागर सिंह के बेटे हैं। विद्यासागर सिंह मऊ के चर्चित उद्योगपति रहे हैं और भारतीय जनता पार्टी के नेता रहे हैं। शक्ति सिंह अब भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकारिणी में शामिल हैं। वह भी मऊ विधानसभा चुनाव में उतरने की कवायद कर रह हैं।