logo

ट्रेंडिंग:

12वीं की बोर्ड परीक्षा देने पहुंचा था, एग्जाम सेंटर पर तबीयत बिगड़ी और हो गई मौत

उत्तर प्रदेश में इंटरमीडिएट की परीक्षा देने पहुंचे छात्र रवि यादव की परीक्षा केंद्र के गेट पर अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई है । डॉक्टरों ने हार्ट अटैक की आशंका जताई है।

Class 12 student dies during board exams in Uttar Pradesh

प्रतीकात्मक तस्वीर । Photo Credit : ChatGpt

शेयर करें

संबंधित खबरें

Advertisement
Group2

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान एक दुखद घटना सामने आई है। परीक्षा देने पहुंचे 17 वर्षीय छात्र की बुधवार को परीक्षा केंद्र के गेट पर अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। यह घटना चिल्हिया थाना क्षेत्र के करौंदा नानकार स्थित गायत्री पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र की है, जहां छात्र दूसरी पाली में हिंदी की परीक्षा देने पहुंचा था। 

 

जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थनगर जिले के करौंदा इलाके के ग्राम बभनी, पोस्ट उदयराज निवासी रवि यादव (17), पुत्र राधेश्याम यादव, 12वीं का छात्र था। वह बुधवार को दूसरी पाली में हिंदी की परीक्षा देने केंद्र पर पहुंचा था। जैसे ही वह मुख्य गेट पर पहुंचा, उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उसे पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

यह भी पढ़ें: चिराग पासवान की पार्टी के नेता पर अंधाधुंध फायरिंग, साथी के कंधे पर लगी गोली

 

घटना से परीक्षा केंद्र पर अफरा-तफरी मच गई। साथी छात्रों और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम से ही स्पष्ट हो सकता था लेकिन प्राथमिक जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई गई है।

कड़ी निगरानी में परीक्षा

इसी बीच, जिले में उत्तर प्रदेश बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं बुधवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुईं। जिले के 119 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। पहले दिन हिंदी विषय की परीक्षा थी। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर छात्र-छात्राओं की भीड़ देखने को मिली है। कई जगह अभिभावक भी केंद्र के बाहर इंतजार करते नजर आए।

 

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। केंद्रों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा और प्रवेश द्वार पर सघन तलाशी के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर जाने दिया गया। दोनों पालियों में कुल 3690 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

 

यह भी पढ़ें: बूंदाबांदी ने बढ़ाई सर्दी! अब इन 5 राज्यों में बारिश से बढ़ेगी परेशानी?

 

डीएम शिवशरणप्पा जीएन और एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और स्ट्रांग रूम की व्यवस्थाओं की जांच की। जय किसान इंटर कॉलेज, सकतपुर सनई सहित कई केंद्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीआईओएस अरुण कुमार ने भी शहर के श्रीसिहेंश्वरी इंटर कॉलेज और विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और केंद्रों का निरीक्षण किया है। परीक्षा केंद्रों पर धारा 144 लागू है और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक है। शिवाजी इंटर कॉलेज बरगदवा में सख्ती के चलते 26 हाईस्कूल और इंटर के परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है।


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap