लखनऊ। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में रविवार को दिनदहाड़े समाजवादी पार्टी के बूथ अध्यक्ष की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। सलोन कोतवाली क्षेत्र के सोनबरसा गांव में खेत पर चारा काटने गए समाजवादी पार्टी बूथ अध्यक्ष और किसान शशिधर यादव (45) की अज्ञात हमलावरों ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि मामले के खुलासे के लिए एसओजी समेत कई टीमों को लगाया गया है।
मृतक शशिधर यादव पुत्र स्वर्गीय बुद्धीलाल यादव सलोन क्षेत्र के सोनबरसा गांव के निवासी थे और समाजवादी पार्टी के बूथ अध्यक्ष होने के साथ खेती-किसानी करते थे। परिजनों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब दो बजे वह पशुओं के लिए चारा काटने खेत गए थे। शाम करीब चार बजे जब ग्रामीण खेत की ओर पहुंचे तो उनका खून से लथपथ शव पड़ा मिला।
सिर और चेहरे पर किए गए कई वार
घटनास्थल पर शव के पास एक कुल्हाड़ी और कुछ दूरी पर मृतक की साइकिल मिली। पुलिस के अनुसार, शशिधर के सिर के पीछे, आंख के पास और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि वारदात को दो या तीन हमलावरों ने मिलकर अंजाम दिया और लगातार कई वार कर उनकी हत्या की।
यह भी पढ़ें: मायावती का बड़ा एक्शन, अशोक सिद्धार्थ और रणधीर बेनीवाल BSP से निष्कासित
रंजिश का कारण स्पष्ट नहीं, मोबाइल की जांच
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी सलोन यादुवेंद्र बहादुर पाल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हत्या से पहले शशिधर की किन लोगों से बातचीत हुई थी, इसकी कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है।
किसी से नहीं थी दुश्मनी
मृतक की पत्नी प्रेमलता ने बताया कि परिवार की किसी से कोई रंजिश या जमीन का विवाद नहीं था। ऐसे में हत्या किसने और क्यों की, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। परिवार में पत्नी, बेटा अनुज यादव और बेटी सारिका यादव का रो-रोकर बुरा हाल है।समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष इंजीनियर वीरेंद्र यादव ने बताया कि शशिधर यादव पार्टी के सक्रिय बूथ अध्यक्ष थे। उनकी हत्या पार्टी के लिए बड़ी क्षति है। घटना के बाद समाजवादी पार्टी नेताओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
यह भी पढ़ें: दुबई से UP में आतंक की साजिश! रेड कॉर्नर नोटिस फिर भी गिरफ्त से दूर मास्टरमाइंड
दो दिन में दो हत्याओं से सहमा सलोन
सलोन क्षेत्र में लगातार दो दिन के भीतर हुई दो हत्या की वारदातों ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है। शनिवार रात रग्घूपुर गांव निवासी शिवकेश उर्फ गुड्डन पासी की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया गया था। इस मामले का खुलासा भी नहीं हो पाया था कि रविवार को समाजवादी पार्टी बूथ अध्यक्ष की हत्या ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि शशिधर यादव की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या की गई है। फिलहाल हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के खुलासे के लिए स्थानीय पुलिस के साथ एसओजी टीम को लगाया गया है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।