उत्तर प्रदेश में रेलवे और संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाने की आतंकी साजिश के पीछे दुबई में बैठे मास्टरमाइंड तक पहुंचना जांच एजेंसियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। मेरठ निवासी आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बावजूद उसका प्रत्यर्पण अब तक नहीं हो सका है। इस बीच दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद यूपी में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सावन और कांवड़ यात्रा को देखते हुए मंदिरों, रेलवे स्टेशनों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, यूपी में रेलवे सिग्नल बॉक्स और सिलेंडर से भरे वाहनों को विस्फोट से उड़ाने की साजिश का मास्टरमाइंड मेरठ निवासी आकिब है, जो दुबई में बैठकर सोशल मीडिया के जरिए आतंकी नेटवर्क संचालित कर रहा था। आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है, लेकिन उसे भारत लाना अभी भी जांच एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
यह भी पढ़ें: प्रेम संबंध से नाराज भाई बना बहन का कातिल, धारदार हथियार से मार डाला
प्रत्यर्पण के लिए विदेश मंत्रालय से संपर्क
एटीएस ने आरोपी के प्रत्यर्पण के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार कर केंद्रीय एजेंसियों और विदेश मंत्रालय को भेज दिए हैं। जांच एजेंसियां लगातार समन्वय बनाकर आरोपी को भारत लाने की कोशिश कर रही हैं लेकिन अब तक इस दिशा में सफलता नहीं मिल सकी है। उत्तर प्रदेश एटीएस ने 2 अप्रैल 2026 को लखनऊ के आलमनगर रेलवे स्टेशन से चार संदिग्ध आतंकियों शाकिब, अरबाब, विकास और लोकेश को गिरफ्तार किया था। जांच में खुलासा हुआ था कि ये सभी पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आईएसआई एजेंटों के संपर्क में थे। इनके निशाने पर रेलवे सिग्नल सिस्टम और सिलेंडर से भरे वाहन थे, जिनमें विस्फोट कर बड़े नुकसान की साजिश रची गई थी।
कुलगाम आतंकी हमले के बाद यूपी में हाई अलर्ट
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में प्रवासी मजदूरों पर हुए आतंकी हमले के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। राज्यभर में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। विशेष रूप से सावन और कांवड़ यात्रा को देखते हुए मंदिरों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है। एटीएस की जांच में सामने आया कि गिरोह सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को जोड़ रहा था और देश के अलग-अलग हिस्सों में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था। जांच एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की भी तलाश कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: प्रेमी का कत्ल, घर में दफनाई लाश, बदबू से खुला राज, पति-पत्नी पर हत्या का आरोप
कांवड़ यात्रा मार्गों पर बढ़ाई गई निगरानी
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सभी जिलों में कांवड़ यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर सादे कपड़ों में खुफिया एजेंसियों के जवान भी तैनात किए गए हैं। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, बाजार और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
राज्य की सुरक्षा एजेंसियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। एटीएस, स्थानीय पुलिस और खुफिया इकाइयां लगातार समन्वय के साथ काम कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और आतंकी नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति तक पहुंचने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।