महादेव की नगरी काशी में देव दीपावली का महापर्व इस वर्ष भी अपार श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर आयोजित होने वाले भव्य महोत्सव में वैदिक मंत्रोच्चार, डमरुओं के निनाद और भगवान शिव की महिमा से पूरा गंगा तट भक्तिमय हो उठेगा।
गंगोत्री सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस विशेष महाआरती में 151 लीटर दूध से मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया जाएगा, साथ ही गंगा की अविरलता और निर्मलता का संदेश देते हुए पर्यावरण अनुकूल दीपदान भी होगा।
यह भी पढ़ें: अकासा एयर की भुवनेश्वर फ्लाइट वाराणसी डायवर्ट, 45 मिनट बाद दोबारा भरी उड़ान
36 वर्षों की गौरवशाली परंपरा और भव्य सजावट
आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दुबे 'बाबू महाराज' एवं सचिव पं. दिनेश शंकर दुबे ने प्रेसवार्ता में बताया कि गंगोत्री सेवा समिति अपनी 36 वर्षों की आध्यात्मिक परंपरा को इस वर्ष भी पूर्ण वैदिक विधि-विधान के साथ आगे बढ़ा रही है।
महोत्सव के लिए पूरे दशाश्वमेध घाट को लगभग 500 किलो देसी और विदेशी फूलों से भव्य रूप से सजाया जाएगा। इसके साथ ही घाट पर स्थापित मां गंगा की 108 किलो वजनी अष्टधातु की प्रतिमा श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
यह भी पढ़ें: यूपी के 75 जिलों में ब्लैकआउट मॉकड्रिल, काशी में भी गूंजे सायरन
नारी शक्ति का सम्मान और वैदिक अनुष्ठान
सुमेरु पीठ के प्रमुख स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती की अध्यक्षता में संपन्न होने वाले इस दिव्य अनुष्ठान में सनातन परंपरा और नारी शक्ति के सम्मान की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। महाआरती का नेतृत्व 'ऋद्धि-सिद्धि' के स्वरूप में बेटियां करेंगी, जो समाज में महिलाओं की सहभागिता और सशक्तिकरण का संदेश देंगी। आरती के दौरान 21 बटुकों द्वारा सस्वर वैदिक मंत्रोच्चार और 21 डमरुदलों की गूंज वातावरण को शिवमय बनाएगी।